सियोन (स्विट्जरलैंड)। स्टार खिलाड़ी दिदिर द्रोगबा को लेकर अफ्रीकी देश आइवरी कोस्ट की टीम की चिंता बढ़ गई है। असल में द्रोगबा की कोहनी में चोट लग गई है, जिस वजह से उनका खेलना संदिग्ध हो गया है। प्राथमिक रिपोर्ट की मानें तो द्रोगबा इस टूर्नामेंट से बाहर हो सकते हैं।
हुआ यूं कि स्टार स्ट्राइकर दिदिर द्रोगबा शुक्रवार को सियोन में जापान के खिलाफ खेले गए अभ्यास मैच में चोटिल हो गए। उनकी दाएं हाथ की कोहनी की हड्डी टूट गई है। आइवरी कोस्ट के कोच स्वेन गोरान एरिक्सन ने कहा है कि टीम को द्रोगबा की चिकित्सकीय परीक्षण रिपोर्ट का इंतजार है। इसके बाद ही कुछ कहना साफ हो पाएगा।
एरिक्सन ने कहा, "निश्चित तौर पर मैं चिंतित हूं। वह हमारे सबसे प्रमुख खिलाड़ी हैं। वह हमारे कप्तान ही नहीं बल्कि दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में एक हैं। ऐसे खिलाड़ी के लिए चिंता लाजमी है।" इस अभ्यास मैच में आइवरी कोस्ट ने जापान को 2-0 से हराया। पहला गोल द्रोगबा ने मैच के 15वें मिनट में किया था और दूसरा गोल मैनचेस्टर सिटी के लिए खेलने वाले कोलो टूरे ने मध्यांतर के बाद किया।