IPL Match Preview: पंजाब को हराकर जीत की हैट्रिक लगाने उतरेगी कोलकाता नाइट राइडर्स
कोलकाता। आईपीएल-11 का 18वां मैच कोलकाता नाइट राइडर्स और किंग्स इलेवन पंजाब के बीच ईडन गार्डन में शनिवार शाम 4 बजे से खेला जाएगा। इस डबल हेडर दिन में पहला मुकाबला काफी तूफानी होने वाला है। दरअसल केकेआर लगातार दो मैच जीतकर टॉप पर है तो वहीं किंग्स इलेवन पंजाब भी कमाल की फॉर्म में है। इस मुकाबले में एक तरफ हैं पंजाब के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज क्रिस गेल तो दूसरी ओर हैं कोलकाता के मध्यक्रम के सबसे खतरनाक खिलाड़ी आंद्रे रसेल। दोनों हमवतन जमैका के जांबाज, जिन्होंने वेस्टइंडीज के लिए साथ में कई मैच खेले और जिताए हैं, अब ईडन में एक-दूसरे के खिलाफ उतरेंगे। ऐसे में पंजाब जहां कोलकाता को उसी के घर में हराकर अंक तालिका मे नंबर वन बनना चाहेगी, वहीं दिनेश कार्तिक की कोलकाता पंजाब को मात देकर जीत की हैट्रिक मनाकर नंबर वन के पायदान पर बने रहने को कोई कसर नहीं छोड़ेगी।
|
गेल का तूफान चल रहा है
गेल ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ पिछले मैच में इस सत्र का पहला शतक जड़ते हुए 63 गेंद में नाबाद 104 रन बनाये। गेल की पारी में 11 छक्के शामिल थे जिनमें से छह रशीद खान जैसे बेहतरीन स्पिनर को लगाये। अब ईडन गार्डन पर गेल का सामना वेस्टइंडीज के साथी खिलाड़ी सुनील नारायण, भारतीय स्पिनर कुलदीप यादव, पीयूष चावला और नीतिश राणा से होगा। जहां गेल की तो कम लेकिन इन गेंदबाजों की कठिन परीक्षा होना तया है। क्योंकि उन्होंने हैदराबाद के खिलाफ मैच के बाद खुली चुनौती दे दी है।
|
गेल के नक्शे-कदम पर आंद्रे रसल, फॉर्म में हैं खिलाड़ी
चेन्नई के खिलाफ तूफानी पारी खेलने के बाद आंद्रे रसल ने कहा था कि वे क्रिस गेल को अपना आदर्श मानते हैं और गेल से उन्हें तूफानी पारी खेलने की प्रेरणा मिलती है। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि गुरू-चेला की जोड़ी में बाजी कौन मारता है। केकेआर की मजबूत मध्यक्रम बल्लेबाजी की जान रसेल ने ईडन में दिल्ली के खिलाफ पिछले मैच में 12 गेंदों पर 41 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली थी। चेन्नई के खिलाफ मैच में भी उन्होंने 36 गेंदों पर नाबाद 88 रन बनाए थे। इसके अलावा केकेआर के पास नीतीश राणा जैसा बल्लेबाज है जो अपनी गेंदबाजी से भी सभी को चौंका रहे हैं। वे पिछले दो मैचों में जीत के नायक रहे हैं। इसके अलावा रॉबिन उथप्पा का पिछले मैच में फॉर्म में लौटना और कप्तान कार्तिक के बल्ले से रन निकलना भी कोलकाता के लिए बड़ी राहत है। ओपनिंग में सुनील नरेन के बारे में सब जानते हैं कि वे किस कदर क्रीज पर गेंदबाजों में खौफ भर सकते हैं।
|
कमाल की फॉर्म में है पंजाब की बैटिंग
आर अश्विन की अगुवाई में पंजाब टीम धमाकेदार प्रदर्शन कर रही है। टीम को अभी से प्लेइंग इलेवन का दावेदार माना जा रहा है। पंजाब के पास गेल के अलावा के एल राहुल भी तूफानी अंदाज में रन बना रहे हैं। वहीं लगातार दो मैचों में 0 पर आउट होने वाले आस्ट्रेलिया के आरोन फिंच भी पिछले मैच में लय में नजर आए। वहीं गेंदबाजों में भी पंजाब के पास खुद कप्तान अश्विन कमाल की फॉर्म में हैं इसके अलावा अफगानिस्तान के स्पिनर मुजीबुर रहमान पर भी सभी की नजरें होंगी।
|
कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम किंग्स इलेवन पंजाब
शनिवार, 21 अप्रैल
मैच 18: कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम किंग्स इलेवन पंजाब
शाम 4 बजे IST, ईडन गार्डन, कोलकाता
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
