वर्ष 2006 के विश्व कप में ब्राजील की हार के ठीक बाद तत्कालीन कोच अल्बटरे परेरा के स्थान पर डुंगा को टीम का कोच नियुक्त किया गया था। उनका अनुबंध चार वर्षो के लिए था। वर्ष 1994 का विश्व कप जीतने वाली ब्राजीलियाई टीम के कप्तान रहे डुंगा के पास इस जिम्मेदारी को संभालने से पहले बतौर कोच कोई अनुभव नहीं था।
वेबसाइट 'गॉर्जियन डॉट को डॉट यूके' के अनुसार शुक्रवार को क्वार्टर फाइनल में नीदरलैंड के खिलाफ मिली हार के बाद डुंगा ने संवाददाताओं को बताया, "सभी लोग जानते हैं कि मेरा अनुबंध चार वर्षो के लिए है। यह हार बहुत दुखदायी है। हम इस बारे में सोच भी नहीं सकते थे।"
इस विश्व कप से ब्राजीलियाई टीम की विदाई की जिम्मेदारी भी डुंगा ने स्वीकार की। उन्होंने कहा, "बिना किसी संदेह के मैं कहता हूं कि टीम का कोच होने की वजह से हार की पूरी जिम्मेदारी मेरी है। इसमें कोई शक नहीं है कि इस हार के लिए सबसे बड़ा जिम्मेदार मैं हूं।"
गौरतलब है कि नीदरलैंड की टीम ने ब्राजील को 2-1 से हराकर इस विश्व कप का सबसे बड़ा उलटफेर करते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।