भारतीय टीम को खेल के तीसरे दिन चायकाल तक कोई झटका नहीं लगा। चायकाल के बाद मिशेल जानसन की गेंद पर विजय 139 रनों के निजी स्कोर पर आउट हुए। उनके करियर का यह पहला शतक है। विजय के आउट होने के बाद अपना पहला मैच खेल रहे पुजारा भी चार रन बनाकार पेवेलियन लौट गए। वह भी जानसन का शिकार बने। तेंदुलकर 154 और सुरेश रैना बिना कोई रन बनाए नाबाद थे।
दूसरे दिन के स्कोर दो विकेट पर 128 रन से आगे खेलते हुए सचिन और विजय ने तीसरे दिन पूरी सूझबूझ के साथ पारी को आगे बढ़ाया। इस बीच सचिन और विजय ने अपने-अपने अर्धशतक पूरे किए। इसके बाद वह क्षण आया जब सचिन ने क्रिकेट की दुनिया में एक और शिखर छू लिया। सचिन ने नॉथन हॉरिट्ज की गेंद पर छक्का लगाकर शतक पूरा किया। मास्टर ब्लास्टर ने शतक लगाने के लिए 157 गेंदों का सामना किया। इसमें उन्होंने 15 चौके और दो छक्के लगाए।
सचिन के बाद विजय ने भी अपने टेस्ट करियर का पहला शतक जड़ दिया। आस्ट्रेलिया के खिलाफ दो साल पहले टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण करने वाले विजय अब तक भारतीय टीम में अपना स्थान पक्का करने की कोशिश करते रहे हैं। गौतम गंभीर के अनफिट होने के बाद टीम में शामिल किए विजय ने इस बार अपने आलोचकों को करारा जवाब दिया है।
वैसे दूसरे दिन भारतीय टीम ने वीरेंद्र सहवाग और राहुल द्रविड़ का विकेट जल्द ही खो दिया था। सहवाग 28 गेंदों पर 30 रन बनाकर आउट हुए थे जबकि द्रविड़ एक रन बनाकर जानसन का शिकार बने। इसके बाद सचिन ने विजय के साथ मिलकर टीम को संकट से उबारा। मास्टर ब्लास्टर ने टेस्ट मैचों में अपने 14,000 रन भी पूरे किए। यह मुकाम हासिल करने वाले वह दुनिया के इकलौते बल्लेबाज हैं।
श्रंखला में 0-1 से पीछे चल रही आस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम ने पहली पारी में 478 रन बनाए। मेहमान टीम की ओर से मार्कस नॉर्थ ने 128 रनों की पारी खेली। मेहमान टीम की ओर से पहले दिन कप्तान रिकी पोंटिंग ने 77 और सलामी बल्लेबाज ने 57 रनों की पारी खेली थी। इनके अलावा साइमन कैटिच ने भी 43 रन बनाए थे।
भारत की ओर से हरभजन ने 148 रन खर्च करके चार और ओझा ने 120 रन देकर तीन विकेट चटकाए। इनके अलावा जहीर खान और सुरेश रैना ने एक-एक विकेट लिए। इस मैच में ईशांत शर्मा के स्थान पर टीम में शामिल किए गए शांताकुमारन श्रीसंत को कोई सफलता नहीं मिली। यह मुकाबला दो मैचों की टेस्ट श्रृंखला का आखिरी मैच है। मोहाली में खेले गए पहले मैच में भारत ने आस्ट्रेलिया को एक विकेट से हरा दिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।