पाकिस्तान दौरे के मध्य में भारत की मेजबानी करना चाहता है श्रीलंका (लीड-1)
कोलंबो, 4 जनवरी (आईएएनएस)। श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (एसएलसी) ने पाकिस्तान दौरे के मध्य में ही भारतीय क्रिकेट टीम के साथ एकदिवसीय श्रंखला खेलने की इच्छा जताई है।
श्रीलंकाई टीम को 20 जनवरी को पाकिस्तान रवाना होना है लेकिन वहां का बोर्ड उस दौरे के मध्य ही भारत के साथ एकदिवसीय श्रंखला की मेजबानी का इच्छुक है।
श्रीलंका सरकार के खेलमंत्री जेमिनी लोकुगे ने रविवार को आईएनएस को बताया कि एसएलसी ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सामने पांच एकदिवसीय मैचों की श्रंखला का प्रस्ताव रखा है और इस संबंध में उसे बीसीसीआई की ओर से सकारात्मक जवाब मिलने के आसार हैं।
लोकुगे ने कहा, "हम चाहते हैं कि इस महीने की 20 तारीख को पाकिस्तान रवाना होने से पहले हमारी टीम भारत के साथ पांच मैचों की एकदिवसीय श्रंखला खेले। बीसीसीआई ने इस संबंध में अभी फैसला नहीं किया है लेकिन हमें उससे सकारात्मक जवाब का इंतजार है।"
लोकुगे ने हालांकि श्रंखला की संरचना को लेकर कुछ नहीं कहा लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि पाकिस्तान में कुछ मैच खेलने के बाद श्रीलंकाई टीम स्वदेश लौट आएगी और भारत के साथ एकदिवसीय श्रंखला खेलेगी। इस श्रंखला के पूरा होने पर वह एक बार फिर पाकिस्तान चली जाएगी।
लोकुगे ने उन खबरों का भी खंडन किया जिनमें कहा जा रहा है कि भारत और श्रीलंका आनन-फानन में एकदिवसीय श्रंखला का कार्यक्रम सिर्फ इसलिए बना रहे हैं क्योंकि पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच होने वाली श्रंखला का कार्यक्रम समय रहते तैयार न हो सके।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications