मैच फिक्सिंग विवाद :पाक ने बचाव किया, जांच जारी (लीड-1)
अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए जांच के जल्द निपटारे और दोषी पाए जाने पर आरोपी खिलाड़ियों के खिलाफ तुरंत अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की बात कही है लेकिन पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने साफ कर दिया है कि जब तक स्कॉटलैंड यार्ड इस मामले में ठोस सबूत नहीं पेश करती, तब तक वह अपने खिलाड़ियों को निलंबित नहीं करेगा।
पीसीबी प्रमुख एजाज बट्ट ने वेबसाइट 'क्रिक इंफो डॉट कॉम' से कहा, "इस मामले में स्कॉटलैंड यार्ड की जांच चल रही है। जो कुछ चल रहा है वह अभी सिर्फ आरोप है। इस संबंध में किसी खिलाड़ी पर आरोप तय नहीं हुआ है। ऐसे में हम किसी खिलाड़ी को निलंबित करने का कड़ा फैसला नहीं कर सकते।"
उधर, पाकिस्तानी टीम के तीन आरोपी खिलाड़ियों-सलमान बट्ट, मोहम्मद आमेर और मोहम्मद आसिफ को टांटन में मंगलवार को अभ्यास नहीं करने दिया गया। इन तीनों को बुधवार को लंदन लौटकर टीम अधिकारियों से मिलना है। इन्हें श्रृंखला के बीच में ही स्वदेश लौटने को कहा जा सकता है। पाक टीम अभ्यास मैच खेलने टांटन पहुंची है। इसके बाद उसे इंग्लैंड के साथ ट्वेंटी-20 और एक दिवसीय श्रृंखला खेलनी है।
पूरे मामले को लेकर पाकिस्तान में मंगलवार को खासी गहमागहमी रही। मलिक ने इस मामले में हास्यास्पद बयान देने के अलावा इसकी जांच के लिए हालांकि संघीय जांच एजेंसी (एफआईए) प्रमुख के नेतृत्व में तीन सदस्यीय टीम को लंदन भेजने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अगर उनके देश के खिलाड़ी दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
समाचार चैनल 'जियो न्यूज' के मुताबिक यह जांच दल दो दिनों के भीतर लंदन पहुंचेगा और मामले की अपने स्तर पर जांच करेगा। मामले की जांच में जुटी स्कॉटलैंड यार्ड पुलिस ने कहा है कि उसने अब तक हुई जांच का ब्यौरा एफआईए को मुहैया करा दिया है।
इस बीच लाहौर उच्च न्यायाल ने एक वकील द्वारा दायर याचिका पर पीसीबी और खेल मंत्री को इस प्रकरण के संदर्भ में नोटिस जारी किए हैं।
पाकिस्तानी समाचार पत्र 'द डेली टाइम्स' के मुताबिक वकील चौैधरी इश्तियाक अहमद ने यह कहते हुए अदालत में याचिका दायर की है कि खिलाड़ियों ने अपने स्वार्थ के कारण देश की छवि खराब की है, लिहाजा उनके खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा चलाया जाए।
पाकिस्तानी खिलाड़ी अगर मैच फिक्सिंग के दोषी पाए जाते हैं तो अदालत उनके खिलाफ संविधान के अनुच्छेद-6 के अंतर्गत फांसी की सजा सुना सकती है। इसी याचिका की सुनवाई के दौरान न्यायालय ने पाकिस्तान के खेल मंत्री एजाज जाखरानी और अध्यक्ष एजाज बट्ट को भी इस मामले में नोटिस जारी किए हैं। न्यायालय इस मामले की अगली सुनवाई 10 सितंबर को करेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications