शुक्रवार को खेले गए एकतरफा मुकाबले में न्यूजीलैंड ने छह विकेट से जीत दर्ज की। न्यूजीलैंड ने पहले मैच में भी जीत हासिल की थी। टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए आस्ट्रेलियाई टीम ने निर्धारित 50 ओवरों में पांच विकेट पर 225 रन बनाए जबकि न्यूजीलैंड ने 48.5 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर जीत हासिल कर ली।
न्यूजीलैंड की जीत के हीरो जी.डी. इलियट रहे, जो 75 गेंदों पर छह चौकों की मदद से 61 रन बनाकर नाबाद लौटे जबकि आस्ट्रेलियाई हरफनमौला खिलाड़ी एंड्रयू सायमंड्स की अनावश्यक बयानबाजी से नाराज ब्रेंडन मैक्कुलम ने 75 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 43 रनों की पारी खेली।
रॉस टेलर ने भी 74 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 47 रन बनाए। एन.टी. ब्रूम 21 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 26 रन बनाकर नाबाद लौटे।
आस्ट्रेलिया की ओर से 98 रन की बेहतरीन पारी खेलने वाले कप्तान माइकल क्लार्क को 'मैन ऑफ द मैच' चुना गया। क्लार्क के अलावा माइकल हसी ने 75 रन बनाए। क्लार्क ने अपनी 133 गेंदों की पारी में सात चौके लगाए जबकि हसी ने 94 गेंदों का सामना करते हुए चार चौके जड़े।
डेविड वार्नर (2), ब्रेड हेडिन (12) और डेविड हसी (10) ने निराश किया जबकि कैमरून व्हाइट 14 गेंदों पर 17 रन और सी.जे. फग्र्यूसन छह रन बनाकर नाबाद लौटे। न्यूजीलैंड की ओर से इयान ओ ब्रायन ने दो विकेट झटके जबकि टिम साउथी और केइल मिल्स को एक-एक सफलता मिली।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।