ब्राजीलिया। फीफा विश्वकप में खराब प्रदर्शन करने का खामियाजा आखिरकार ब्राजील के स्टार स्ट्राइकर काका को भी भुगतना पड़ा। राष्ट्रीय टीम के नवनियुक्त कोच मानो मेनेजेज ने अपनी देखरेख में चुनी गई पहली अंतर्राष्ट्रीय टीम से काका को बाहर कर दिया है।
कार्लोस डूंगा के स्थान पर कोच नियुक्त किए गए मेनेजेज ने 10 अगस्त को अमेरिका के साथ होने वाले दोस्ताना अंतर्राष्ट्रीय मुकाबले के लिए फीफा विश्व कप-2010 में निराशाजनक प्रदर्शन करने वाली 23 सदस्यीय टीम के सिर्फ चार सदस्यों को अपने साथ रखा है।
इटली के क्लब एसी मिलान के लिए खेलने वाले स्ट्राइकर एलेक्जेंडर पातो और सांतोस के युवा विंगर नेमार को मेनेजेज ने अपनी टीम में जगह दी है। विश्व कप टीम से मेनेजेज की टीम में जगह पाने वालों में डिफेंडर डेनिएल आल्वेस, रामिरेस, थियागो सिल्वा और रोबिन्हो शामिल हैं। विश्व कप में निराशाजनक प्रदर्शन करने वाले काका के अलावा लुइस फेबियानो और स्टार गोलकीपर जूलियो सीजर को भी इस 24 सदस्यीय टीम में शामिल नहीं किया गया है।