ट्वेंटी-20 विश्व कप : श्रीलंका को पहला झटका (लीड-5)
ग्रास इस्लेट (सेंट लूसिया), 11 मई (आईएएनएस)। ट्वेंटी-20 विश्व कप के सुपर-8 मुकाबले में बुधवार को जीत के लिए 164 रनों का पीछा करते हुए श्रीलंका का पहला विकेट मात्र चार रन के स्कोर पर गिर गया। महेला जयवर्धने चार रन बनाकर आउट हो चुके हैं। नेहरा की गेंद पर पठान ने उनका कैच लिया।
एक ओवर की समाप्ति पर श्रीलंका ने एक विकेट के नुकसान पर पांच रन बना लिए हैं। तिलकरत्ने दिलशान एक और सनथ जयसूर्या शून्य रन पर विकेट पर हैं।
इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने निर्धारित 20 ओवरों में पांच विकेट के नुकसान पर 163 रन बनाए।
भारत की तरफ से सुरेश रैना ने सबसे ज्यादा 63 रन बनाए। उन्होंने 47 गेंदों का सामना किया और सात चौके और एक छक्का लगाया। रैना के अलावा गौतम गंभीर ने 32 गेंद पर 41 रनों की पारी खेली जिसमें तीन चौके शामिल हैं। युवराज सिंह एक बार फिर असफल रहे। वह मात्र एक रन बनाकर आउट हो गए। कप्तान धौनी 19 गेंद पर 23 रन बनाकर नाबाद रहे।
इससे पहले भारत को पहला झटका 30 रन के स्कोर पर लगा जब दिनेश कार्तिक 13 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद गौतम गंभीर और सुरेश रैना के बीच 66 रनों की शानदार साझेदारी हुई। भारत का स्कोर 96 रन था उस समय गौतम गंभीर आउट हुए।
भारत को तीसरा झटका 144 रन पर लगा जब सुरेश रैना आउट हुए। भारत के स्कोर में मात्र तीन रन ही जुड़े थे कि भारत को चौथा झटका लगा। युवराज सिंह मात्र एक रन बनाकर पेवेलियन चलते बने। अंतिम ओवर की अंतिम गेंद पर भारत का पांचवां विकेट गिरा जब यूसुफ पठान 13 रन बनाकर आउट हुए।
श्रीलंका की तरफ से लसिथ मलिंगा और तुषारा ने दो-दो और परेरा ने एक खिलाड़ी को आउट किया।
इस मैच के लिए भारतीय टीम में तीन बदलाव किए गए हैं। मुरली विजय की जगह दिनेश कार्तिक, जहीर खान की जगह आर. विनय कुमार और रवींद्र जडेजा की जगह पीयूष चावला को मौका दिया गया है।
भारतीय टीम अब भी सेमीफाइनल में पहुंच सकती है और इसके लिए उसके पास दो रास्ते हैं। पहला रास्ता ऐसा है, जिस पर खुद धौनी की टीम अमल कर सकती है लेकिन दूसरा रास्ता ऐसा है, जो पूरी तरह किस्मत के भरोसे है। इस लिहाज से भारतीय टीम को अपने आखिरी सुपर-8 मैच में अच्छा खेलने के साथ-साथ वेस्टइंडीज की हार की दुआ भी करनी होगी।
भारत को सेमीफाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को बनाए रखने के लिए उसे श्रीलंका को किसी भी हाल में कम से कम 20 रनों के अंतर से हराना होगा। इसके अलावा उसे मंगलवार को ही खेले जाने वाले दूसरे मुकाबले में आस्ट्रेलिया के हाथों वेस्टइंडीज की हार की दुआ मांगनी होगी। मौजूदा फार्म को देखते हुए आस्ट्रेलिया के लिए वेस्टइंडीज को हराना कठिन नहीं दिख रहा।
आंकड़ों के मुताबिक भारत ने इस विश्व कप में जितने रन बनाए हैं, उससे 63 रन अधिक अपने खिलाफ बनने दिए हैं। इस लिहाज से श्रीलंकाई टीम बेहतर स्थिति में है। उसके लिए यह अंतर सिर्फ 24 रनों का है। भारत अगर श्रीलंका को 20 रनों के अंतर से हराने में सफल रहता है तो फिर उसका अंतर घटकर 43 रन रह जाएगा जबकि श्रीलंका का अंतर बढ़कर 44 रन हो जाएगा। इस लिहाज से भारतीय टीम सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications