भारत ने सात विकेट के नुकसान पर 391 रन बना लिए हैं। सुरेश रैना 81 रन पर नाबाद हैं जबकि जहीर खान पांच रन बनाकर उनका साथ दे रहे हैं। आस्ट्रेलिया के 37 रनों के जवाब में भारत अभी भी 37 रन पीछे हैं।
सचिन अपने टेस्ट करियर के 49वें शतक से मात्र दो रनों से चूक गए। सचिन के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए धौनी ने एक छक्का व एक चौका लगाकर हाथ खोलने की कोशिश की लेकिन जानसन की एक गेंद पर वह चकमा खा गए और स्लीप में शेन वाटसन को कैच थमा बैठे।
धौनी को तीसरे अम्पायर ने आउट करार दिया। टेलीविजन रिप्ले में स्पष्ट दिख रहा था कि गेंद टप्पा खाने के बाद वाटसन के हाथों में गई। उन्हें आउट करार दिए जाने पर कमेंटेटरों ने भी आश्चर्य व्यक्त किया। धौनी ने 28 गेंदों पर 14 रन बनाए।
धौनी को आउट करार दिए जाने के अगली ही गेंद पर जानसन ने हरभजन को भी आउट कर दिया। वह अपना खाता भी नहीं खोल सके।
पंजाब क्रिकेट संघ (पीसीए) मैदान पर खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन सचिन की 98 रनों की शानदार पारी के अलावा राहुल द्रविड़ और सुरेश रैना ने भी अर्धशतक जड़कर रनों के फासले को कम करने में रविवार को अहम भूमिका निभाई।
भारतीय टीम ने इन तीन बल्लेबाजों और वीरेंद्र सहवाग के दूसरे दिन के अर्धशतक की बदौलत अपनी पहली पारी में सात विकेट के नुकसान पर 391 रन बना लिए थे।
खेल के तीसरे दिन सचिन पूरी सूझबूझ के साथ अपने करियर के 49वें शतक की ओर बढ़ रहे थे लेकिन वह मार्कस नॉर्थ की एक फिरकी को समझने में चूक गए और पगबाधा करार दिए गए। उन्होंने 189 गेंदों पर 13 चौकों की मदद से 98 रन बनाए। वह महज दो रनों से अपना 49वां टेस्ट शतक लगाने से चूक गए।
तीसरे दिन के पहले सत्र में ही भारतीय टीम को ईशांत शर्मा के रूप में पहला झटका लगा। इसके बाद शानदार लय में चल रहे राहुल द्रविड़ भी पेवेलियन लौट गए। दूसरे दिन के स्कोर दो विकेट पर 110 रन से आगे खेलते हुए दिग्गज बल्लेबाज राहुल द्रविड़ ने नाइटवाचमैन की भूमिका में मैदान पर आए ईशांत शर्मा के साथ मिलकर पारी को बड़े ही खूबसूरत अंदाज में आगे बढ़ाया। इस दौरान ईशांत ने उनका बखूबी साथ निभाया लेकिन यह साझेदारी ज्यादा देर तक नहीं चल सकी। ईशांत डॉग बोलिंगर की एक गेंद को पढ़ने में चूक गए और क्लीन बोल्ड हो गए। ईशांत ने 18 रन बनाए।
ईशांत के पेवेलियन लौटने के बाद द्रविड़ और तेंदुलकर ने पारी को आगे बढ़ाया। दोनों दिग्गज बल्लेबाजों ने चौथे विकेट के लिए 79 रन जोड़े। इस दौरान द्रविड़ ने अपना अर्धशतक भी पूरा किया। द्रविड़ 77 के निजी स्कोर पर बोलिंगर का शिकार बन गए। इसके बाद सचिन ने अपने टेस्ट करियर का 57वां अर्धशतक लगाया। इसके बाद युवराज सिंह के मुकाबले तरजीह पाकर टीम में शामिल हुए रैना ने एक बार फिर चयनकर्ताओं और कप्तान महेंद्र सिंह धौनी के फैसले को सही साबित किया। अपने करियर का तीसरा टेस्ट खेल रहे रैना ने तीसरा अर्धशतक जड़ा।
आस्ट्रेलिया की पहली पारी के 428 रनों के जवाब में दूसरे दिन वीरेंद्र सहवाग ने भारत को पहली पारी में तेज शुरुआत दी थी। उन्होंने दूसरे दिन 54 गेंदों में 59 रनों की तेज पारी खेली। वह मिशेल जानसन की गेंद पर माइकल क्लार्क के हाथों लपके गए। गौतम गंभीर भी 25 रन बनाकर जानसन का शिकार बने।
आस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम ने अपनी पहली पारी में 428 रन बनाए। मेहमान टीम की ओर से शेन वाटसन ने सर्वाधिक 126 और टिम पैन ने 92 रन बनाए। इन दोनों बल्लेबाजों के अलावा कप्तान रिकी पोंटिंग ने 71 रनों का योगदान दिया। मिशेल जानसन ने भी 47 रन बनाए।
भारत की ओर से जहीर खान सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 30 ओवरों में सात मेडन फेंकते हुए 94 रन खर्च किए और पांच विकेट चटकाए। जहीर के टेस्ट करियर में 10वां मौका था जब उन्होंने एक पारी में पांच या इससे अधिक विकेट लिए। उनके अलावा इस मैच में हरभजन सिंह ने भी 114 रन देकर तीन विकेट लिए। एक विकेट ओझा के नाम रहा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।