कराची, 2 जनवरी (आईएएनएस)। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) का प्रबंध निदेशक चुने जाने के कुछ सप्ताह के भीतर ही पाकिस्तानी क्रिकेट जगत में पूर्व कप्तान जावेद मियांदाद के खिलाफ विरोध के स्वर उभरने लगे हैं।
प्रबंध निदेशक पद ग्रहण करने के कुछ दिनों बाद मियांदाद ने घोषणा की थी कि पाकिस्तान में होने वाली प्रमुख घरेलू प्रतियोगिताओं में विभागीय टीमों को भी शामिल किया जाएगा। इसी बात को लेकर प्रांतीय क्रिकेट संघ मियांदाद का विरोध कर रहे हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक प्रांतीय क्रिकेट संघों के प्रमुख पदों पर आसीन बड़े अधिकारियों ने मियांदाद के खिलाफ पीसीबी की कार्यकारिणी के सामने प्रस्ताव लाने का फैसला कर लिया है। प्रांतीय संघों का आरोप है कि मियांदाद पीसीबी के पिछले पदाधिकारियों द्वारा तय किए गए उनके अधिकारों का हनन कर रहे हैं।
दूसरी ओर, अपने खेल जीवन के दौरान पाकिस्तान के एक प्रमुख बैंक की टीम के लिए खेलने वाले मियांदाद मानते हैं कि घरेलू प्रतियोगिताओं में विभागीय टीमों को खेलने देने से इसका स्तर बढ़ेगा। यही कारण है कि मियांदाद ने बैंकों और अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठानों से जुड़ी टीमों को भी घरेलू प्रतियोगिता से जोड़ने की वकालत की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।