ब्रिटेन के समाचार पत्र 'द टेलीग्राफ' ने हार्मिसन के हवाले से लिखा है, "मेरे लिहाज से कोच और कप्तान को टीम हित में मनमुटाव खत्म कर देना चाहिए। मैं उन्हें व्यक्तिगत हितों के लिए नहीं बल्कि इंग्लैंड की क्रिकेट टीम के हित के लिए ऐसा करने के लिए कह रहा हूं क्योंकि टीम का हित मुझे या किसी और से ऊपर है।"
हार्मिसन के मुताबिक अगर कोच और कप्तान के बीच जारी विवाद लंबा खिंचा तो इससे इंग्लैंड क्रिकेट को काफी नुकसान होगा। बकौल हार्मिसन, "हमारी टीम बेहतरी की ओर बढ़ रही है। हमारे लिए यह बहुत अहम पड़ाव है। ऐसे में अगर यह विवाद लंबा खिंचा तो खिलाड़ियों की मनोदशा प्रभावित होगी।"
उल्लेखनीय है कि पीटरसन वेस्टइंडीज के साथ होने वाली टेस्ट श्रंखला के लिए पूर्व कप्तान माइकल वान को टीम में शामिल नहीं करने को लेकर खासे नाराज हैं और इसके लिए उन्होंने सीधे तौर पर मूर्स की वॉन विरोधी नीतियों को दोषी ठहराया है।
पीटरसन ने कहा है कि वे वेस्टइंडीज रवाना होने से पहले इस समस्या का हल चाहते हैं लेकिन मूर्स ने इस संबंध में कुछ नहीं कहा है। इंग्लैंड व वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) के प्रबंध निदेशक हग मौरिस कप्तान और कोच के बीच सुलह कराने में जुटे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।