फीफा विश्व कप: जर्मनी का धमाकेदार आगाज (लीड-1)
स्थानीय डरबन स्टेडियम में 62 हजार से अधिक दर्शकों के सामने खेल शुरू हुआ तो मुकाबले के एकतरफा होने का आभास नहीं था। खेल के शुरुआती मिनटों में आस्ट्रेलिया ने मुकाबले के रोचक होने का संकेत भी दिया लेकिन वह ज्यादा समय जर्मनी के हमले को नहीं झेल सका।
खेल के आठवें मिनट में ही लुकास पोडोल्स्की ने पहला गोल दागा। उनके लिए यह प्रदर्शन खास रहा क्योंकि इससे उनके आलोचकों का मुंह भी बंद हो गया जो उनके चयन पर सवाल उठा रहे थे। उनके इसी गोल की वजह से उन्हें मैन ऑफ द मैच भी चुना गया।
पोडोल्स्की के गोल को देख स्टार खिलाड़ी मिरोस्लाव क्लोजा भी जोश से भर गए और उन्होंने दिखा दिया कि विश्व कप में वह इतना खतरनाक क्यों हो जाते हैं। जर्मनी की ओर से 26वें मिनट में क्लोजा ने दूसरा गोल दाग दिया।
पहले हाफ में जर्मनी के आक्रमण के सामने घुटने टेक चुकी आस्ट्रेलियाई टीम दूसरे हाफ में भी खस्ताहाल दिखी। उसके डिफेंडर तितर-वितर नजर आए। खेल के 68वें मिनट में युवा खिलाड़ी थॉमस मुएलर ने अपना पहला और मैच का तीसरा गोल किया। इसके चंद मिनटों बाद ही ककाऊ ने भी गेंद को गोलपोस्ट में डालकर आस्ट्रेलिया की करारी हार की कहानी लिख दी।
इस शानदार आगाज से गदगद जर्मनी के कप्तान फिलिफ लाम ने कहा, "मैच के शुरुआत से ही भाग्य हमारे साथ दिखा। आप कह सकते हैं कि हम एक युवा टीम हैं लेकिन हमने दिखाया कि हमारे पास अच्छा करने की क्षमता है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications