फॉलोऑन खेल रही टीम इंडिया श्रीलंका की पहली पारी के योग से अब भी 63 रन पीछे है। भारत ने चौथे दिन का खेल खत्म होने तक पांच विकेट पर 181 रन बनाए हैं। वी.वीएस. लक्ष्मण नौ रन बनाकर नाबाद लौटे जबकि अगले बल्लेबाज के नाम की घोषणा अभी नहीं हुई। संभवत: वह कप्तान महेंद्र सिंह धौनी होंगे, जिन पर पांचवें दिन हार टालने की बहुत बड़ी जिम्मेदारी होगी।
181 रन के कुल योग पर युवराज (5) का विकेट अपने करियर का आखिरी टेस्ट मैच खेल रहे स्टार स्पिनर मुथैया मुरलीधरन ने लिया। इस तरह मुरली ने टेस्ट क्रिकेट में अपने कुल विकेटों की संख्या 798 कर ली है। दूसरी पारी में लसिथ मलिंगा ने तीन भारतीय बल्लेबाजों को आउट किया जबकि चमारा वेलेगेदारा ने एक सफलता हासिल की।
अर्धशतक लगाकर टीम को मजबूती देने का प्रयास करने वाले सचिन तेंदुलकर चौथे बल्लेबाज के तौर पर पेवेलियन लौटे। तेंदुलकर का विकेट 172 रन के कुल योग पर गिरा। तेंदुलकर ने 142 गेंदों पर 11 चौकों और एक छक्के की मदद से 85 रन बनाए। भारत का तीसरा विकेट राहुल द्रविड़ के रूप में गिरा।
द्रविड़ ने 152 गेंदों की अपनी ठोस पारी के दौरान तीन चौकों की सहायता से 44 रन बनाए। उन्होंने तेंदुलकर के साथ तीसरे विकेट के लिए 119 रन जोड़े। भारत ने चायकाल तक दो विकेट खोकर 68 रन बनाए थे। उस दौरान भारतीय टीम ने अपनी सलामी जोड़ी गौतम गंभीर और वीरेंद सहवाग के विकेट गंवाए थे।
गंभीर (0) पहली पारी की अपनी नाकामी की कहानी को दोहराते हुए लसिथ मलिंगा की गेंद पर विकेट के पीछे प्रसन्ना जयवर्धने के हाथों लपके गए। पहली पारी में शतक लगाने वाले सहवाग ने 31 रन बनाए। उन्हें चमारा वेलेगेदारा ने जयवर्धने के हाथों कैच कराया।
इससे पहले, श्रीलंकाई गेंदबाजों ने मुरलीधरन के नेतृत्व में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम को फॉलोऑन को मजबूर किया। श्रीलंका की पहली पारी के स्कोर आठ विकेट पर 520 (घोषित) के जवाब में भारतीय टीम पहली पारी में 276 रन ही बना सकी।
मुरलीधरन ने सर्वाधिक पांच विकेट लिए जबकि लसित मलिंगा को दो तथा चमारा वेलेगेदारा तथा रंगना हेराथ को एक-एक सफलता मिली। मुरली ने 67वीं बार टेस्ट मैचों में पारी में पांच विकेट लिए हैं। प्रज्ञान ओझा का विकेट लेने के साथ उन्होंने भारत के खिलाफ टेस्ट मैचों में 100 विकेट पूरे किए। ऐसा करने वाले वह दुनिया के एकमात्र गेंदबाज हैं।
चौथे दिन का मुख्य आकर्षण मुरली के पांच विकेटों के अलावा पहली पारी में भारतीय सलामी बल्लेबाज सहवाग का शतक भी रहा। तीसरे दिन 85 रन पर नाबाद लौटे सहवाग ने 118 गेंदों पर 19 चौकों और एक छक्के की मदद से 109 रनों की पारी खेली। यह उनके करियर का 20वां शतक है।
भारत ने तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक तीन विकेट पर 140 रन बनाए थे। तीसरे दिन भारत ने गंभीर (2), द्रविड़ (18) और तेंदुलकर (8) के विकेट गंवाए थे। तीसरे दिन 18 रन पर नाबाद लौटने वाले लक्ष्मण कुछ खास नहीं कर सके और 22 रन बनाकर आउट हुए।
इसके बाद युवराज (52) और कप्तान धौनी (33) ने आकर्षक पारी खेलकर 74 रनों की साझेदारी निभाई और भारत को मुश्किल से उबारने का प्रयास किया लेकिन मुरली ने दोनों को आउट कर अपनी टीम का काम आसान कर दिया। हरभजन सिंह दो रन बना सके। ईशांत शर्मा पांच रन बनाकर नाबाद लौटे जबकि ओझा ने तीन और अभिमन्यु मिथुन ने आठ रन बनाए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।