पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय का यह फैसला वहां के खेल मंत्रालय के उस फैसले के महज दो दिनों बाद आया है, जिसमें उसने खिलाड़ियों को आईपीएल में खेलने की इजाजत दे दी थी।
पाकिस्तान के पांच खिलाड़ियों को छह फरवरी को होने वाली आईपीएल की नीलामी में हिस्सा लेने के लिए इसी सप्ताह भारत रवाना होना था लेकिन अधिकारियों ने उन्हें अपना दौरा रद्द करने का निर्देश दिया है।
पाकिस्तान सरकार ने साफ किया है कि मुंबई पर हुए आतंकी हमले के बाद किसी खिलाड़ी का फिलहाल भारत जाना सुरक्षा के लिहाज से ठीक नहीं है।
आईपीएल के दूसरे संस्करण के लिए दानिश कनेरिया, यासिर हमीद, यासिर अराफात, आसिम कमाल और मोहम्मद हफीज को नीलामी में हिस्सा लेना था।
पाकिस्तान सरकार के इस फैसले पर आईपीएल के प्रमुख ललित मोदी ने दिल्ली में पत्रकारों से कहा कि पाकिस्तान के पांचों खिलाड़ियों के नाम नीलामी सूची से हटा दिए गए हैं।
बकौल मोदी, "पाकिस्तान सरकार ने वहां के क्रिकेट बोर्ड के साथ यह फैसला किया है, लिहाजा हमने गोवा में होने वाली नीलामी के लिए पांचों पाकिस्तानी खिलाड़ियों का नाम सूची से हटा दिया है।"
उधर, पाकिस्तान के खेल मंत्री पीर आफताब जिलानी ने कहा है कि विदेश मंत्रालय ने खिलाड़ियों को भारत जाने की इजाजत नहीं दी।
उन्होंने कहा, "खेल मंत्रालय ने खिलाड़ियों को अनापत्ति प्रमाण पत्र दे दिया था लेकिन विदेश मंत्राल ने सुरक्षा कारणों से खिलाड़ियों को भारत जाने की इजाजत नहीं दी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।