भारतीय टीम ने गंवाए 3 शुरुआती विकेट (लीड-2)
भारत का पहला विकेट 13 रन के कुल योग पर मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर (6) के रूप में गिरा। उन्हें नुवान कुलसेकरा ने पगबाधा आउट करार दिया था। तेंदुलकर लगातार दूसरे मैच में बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे हैं।
इसके बाद विस्फोटक सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग (42) और उनके युवा जोड़ीदार गौतम गंभीर (27) ने टीम को पहले झटके से उबारने की कोशिश की लेकिन दूसरे विकेट के लिए 49 रन जोड़ने के बाद गंभीर हरफनमौला फरवेज महरूफ की गेंद को छेड़ने के फिराक में विकेट की पीछे कुमार संगकारा के हाथों लपके गए।
सहवाग ने तेजी के साथ रन बटोरते हुए युवराज सिंह के साथ पारी को संवारने की जिम्मेदारी अपने हाथ में ली लेकिन 83 के कुल योग पर अनावश्यक रूप से तीन रन लेने के प्रयास में वह रन आउट करार दिए गए। सहवाग ने अपनी 26 गेंदों की पारी में सात झन्नाटेदार चौके लगाए।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने खबर लिखे जाने तक 16 ओवर के खेल में तीन विकेट के नुकसान पर 96 रन बनाए हैं। युवराज 13 और सुरेश रैना पांच रन बनाकर खेल रहे हैं।
भारत ने दाम्बुला के रांगिरी क्रिकेट मैदान पर बुधवार को खेला गया पहला मुकाबला छह विकेट से जीता था। पहले मैच में सहवाग नहीं खेल सके थे लेकिन इस मैच में उनकी वापसी हुई।
पहले मैच में 25 रन बनाकर कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के साथ भारत की शानदार जीत में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले रोहित शर्मा को सहवाग के लिए जगह खाली करनी पड़ी।
इसके अलावा तेज गेंदबाज मुनाफ पटेल के स्थान पर प्रवीण कुमार को टीम में शामिल किया गया है। मुनाफ की जांघ की मांसपेशी में खिंचाव है। पांच मैचों की श्रृंखला में भारतीय टीम 1-0 से आगे चल रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications