उन्होंने बताया है कि सरकार के निर्देश पर यह फ़ैसला किया गया है. पिछले महीने मुंबई में हुए हमलों के बाद ये माना जा रहा था कि भारतीय टीम पाकिस्तान दौरे पर नहीं जाएगी.
लेकिन बीसीसीआई ने यह स्पष्ट किया था कि सुरक्षा मामले पर सरकार से हरी झंडी मिलने के बाद ही भारतीय टीम पाकिस्तान के दौरे पर जा पाएगी.
ख़बर है कि विदेश मंत्री प्रणव मुखर्जी और खेल मंत्री एमएस गिल ने व्यक्तिगत रूप से बीसीसीआई अध्यक्ष शशांक मनोहर से बात करके सरकार के फ़ैसले की जानकारी दी है.
प्रस्ताव
आठ जनवरी से 19 फरवरी तक के इस दौरे में भारत को तीन टेस्ट मैच, पाँच एक दिवसीय मैच और एक ट्वेन्टी 20 मैच खेलना था.
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने दौरा रद्द होने की आशंका को देखते हुए तीसरे स्थान पर मैच कराने का भी प्रस्ताव रखा था.
लेकिन बीसीसीआई के एक अन्य अधिकारी रत्नाकर शेट्टी ने स्पष्ट किया है कि तीसरे स्थान पर मैच कराने के बारे में कोई बात नहीं हो रही है.
सुरक्षा कारणों से पहले भी कई देशों ने पाकिस्तान का दौरा रद्द किया है.
इस साल सितंबर में चैम्पियंस ट्रॉफ़ी का आयोजन भी पाकिस्तान में होना था लेकिन ऐन मौक़े पर इसे स्थगित कर दिया गया है.
अब ये प्रतियोगिता अगले साल आयोजित होगी.