फीफा: जबरदस्त प्रदर्शन को तैयार ब्राज़ील, इटली
बीबीसी संवाददाता, दक्षिण अफ़्रीका से
रविवार को पहला मैच ब्लूमफोंटेन में स्लोवाकिया और पराग्वे के बीच खेला जाएगा. दोनों टीमों ने अपना पहला मैच ड्रॉ खेला था. लेकिन अपने पहले मैच से सबसे ज़्यादा निराश होगी स्लोवाकिया की टीम, जो न्यूज़ीलैंड पर बढ़त बनाने के बावजूद मैच जीत नहीं पाई. हालाँकि ये अलग बात है कि उसे भी पहली बार विश्व कप में कोई अंक मिला है. न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ स्लोवाकिया ने अच्छा प्रदर्शन किया था और इस मैच में भी वो उत्साह के साथ उतरेगा.
दूसरी ओर पराग्वे ने भी पहले मैच में विश्व चैम्पियन इटली को काफ़ी परेशान किया था. पराग्वे ने पहले बढ़त भी बनाई थी. लेकिन वे बढ़त को बरकरार नहीं रख पाए. लेकिन विश्व चैम्पियन के ख़िलाफ़ अपने शानदार प्रदर्शन को देखते हुए पराग्वे की टीम स्लोवाकिया को हराकर अपनी स्थिति मज़बूत करना चाहेगी. माना जा रहा है कि मिरोस्लाव स्टोच स्लोवाकिया की ओर से मैच की शुरुआत करेंगे. उनके घुटनों में चोट थी, लेकिन अब वे ठीक हैं. दूसरी ओर पराग्वे के सांता क्रुज़ भी इस मैच में खेल सकते हैं.
इटली बनाम न्यूज़ीलैंड
दूसरे मैच में विश्व चैम्पियन इटली का मुक़ाबला न्यूज़ीलैंड से होगा. नेल्सप्रेट में होने वाले इस मैच में चैम्पियन इटली की टीम किसी तरह जीत हासिल करना चाहेगी. पराग्वे के ख़िलाफ़ मैच में किसी तरह टीम मैच ड्रॉ कराने में सफल रही थी.
लेकिन न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ ख़राब प्रदर्शन उनकी मुश्किल बढ़ा सकता है. जिस तरह इस विश्व कप में स्पेन, जर्मनी और फ़्रांस जैसी टॉप टीमों का हाल हुआ है. उसे देखते हुए इटली की टीम न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ मैच को हल्के से लेना नहीं चाहेगी.
दूसरी ओर न्यूज़ीलैंड की टीम जिस तरह स्लोवाकिया के ख़िलाफ़ मैच में खेली, उससे उनका उत्साह ज़बरदस्त होगा. इटली के लिए बुरी ख़बर ये है कि उनके नियमित गोलकीपर बुफ़ोन घायल हैं और उनकी जगह फ़ेडरिको मार्चेटी कमान संभालेंगे. मार्चेटी अभी तक सिर्फ़ छह बार ही इटली की ओर से खेले हैं.
ब्राज़ील बनाम आइवरी कोस्ट
दिन का आख़िरी मैच सबसे रोमांचक होगा. जोहानेसबर्ग के सॉकर सिटी स्टेडियम में यह मैच पाँच बार की चैम्पियन ब्राज़ील की टीम और आइवरी कोस्ट के बीच खेला जाएगा. ब्राज़ील की टीम अपना पहला मैच उत्तर कोरिया से जीत गई थी, जबकि आइवरी कोस्ट और पुर्तगाल का मैच ड्रॉ रहा था.
इस समय ब्राज़ील की टीम तीन अंकों के साथ शीर्ष पर हैं. लेकिन आइवरी कोस्ट के अलावा अपने आख़िरी मैच में ब्राज़ील को पुर्तगाल से भिड़ना है, इसलिए ब्राज़ील की टीम आइवरी कोस्ट को हराकर अपनी स्थिति मज़बूत करना चाहेगी. उत्तर कोरिया के ख़िलाफ़ ब्राज़ील की टीम जीत तो गई थी, लेकिन उनका प्रदर्शन बहुत अच्छा नहीं रहा था. दूसरी ओर उत्तर कोरिया ने ब्राज़ील के ख़िलाफ़ एक गोल भी मार दिया था.
इसलिए ब्राज़ील की टीम पर कोच डूंगा की ओर से अच्छे प्रदर्शन का दबाव है. इस मैच में आइवरी कोस्ट के स्टार खिलाड़ी दिदिए द्रोगबा शुरू से ही मैदान में उतरेंगे. पुर्तगाल के ख़िलाफ़ मैच में वे आख़िरी कुछ मिनटों के लिए मैदान में आए थे. संभावना है कि ब्राज़ील की ओर से वही टीम उतरेगी, जो उत्तर कोरिया के ख़िलाफ़ मैच में उतरी थी.
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
