फीफा विश्व कप : 'नारंगी' हो गया है केपटाउन
केपटाउन, 5 जुलाई (आईएएनएस)। केपटाउन में इन दिनों हर ओर नारंगी रंग नजर आ रहा है। मंगलवार को उरुग्वे के साथ खेले जाने वाले सेमीफाइनल मुकाबले को लेकर बहुत बड़ी संख्या में हॉलैंड के प्रशंसक यहां पहुंच चुके हैं।
मंगलवार को ग्रीन प्वाइंट स्टेडियम में 'दे आरंजे' नाम से मशहूर हॉलैंड की टीम का सामना दो बार की चैम्पियन दक्षिण अमेरिकी टीम उरुग्वे के साथ होना है।
स्थानीय लोग केपटाउन को प्यार से 'मदर सिटी' (मातृ शहर) कहकर पुकारते हैं। इस शहर का हॉलैंड के साथ सदियों पुराना रिश्ता है। यही वह शहर है जहां 1652 में हॉलैंड के जान वान रीबेक डच ईस्ट इंडिया कंपनी के लिए एक दफ्तर स्थापित करने के लिए आए थे।
अब जबकि यह शहर विश्व कप के सेमीफाइनल मुकाबले के लिए तैयार है, इसे नारंगी रंग से रंग दिया गया है। नारंगी हॉलैंड की राष्ट्रीय फुटबाल टीम का आधिकारिक रंग है।
हॉलैंड से आए लगभग 1000 फुटबाल प्रशंसक बेर्ग नदी के किनारे डेरा डाल चुके हैं। यह स्थान पार्ल शहर के करीब है। पार्ल केपटाउन से 60 किलोमीटर पूर्वोत्तर में है। यह वही स्थान है जहां हॉलैंड के प्रशंसकों के पूर्वज 300 वर्ष पहले सबसे पहले पहुंचे थे।
हॉलैंड के प्रशंसकों का कैम्प विश्व का सबसे बड़ा फुटबाल प्रशंसकों का कैम्प कहा जा सकता है। इसमें लगभग 175 गाड़ियां शामिल हैं। ये गाड़ियां पूरे अफ्रीका महाद्वीप की यात्रा करके दक्षिण अफ्रीका पहुंची हैं।
प्रशंसकों का यह दल अपनी टीम के प्रत्येक मैच के दौरान स्टेडियम में मौजूद रहता है। हॉलैंड के मैच अब तक प्रीटोरिया और डरबन में ही खेले गए हैं।
हॉलैंड के प्रशंसकों को उम्मीद है कि उनकी टीम इस बार इतिहास कायम करने में सफल रहेगी। रविवार रात को केपटाउन में हॉलैंड के लगभग 8000 प्रशंसकों का दल पहुंच चुका था।
एक प्रशंसक ने आईएएनएस को बताया, "मैं आपसे वादा करता हूं कि मंगलवार को ग्रीन प्वाइंट स्टेडियम में हर ओर नारंगी रंग ही दिखेगा। हम विश्व कप के साथ स्वदेश लौटेंगे। हमें हर हाल में यह सपना पूरा करना है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications