कर्टजन ने संन्यास लिया, एक अध्याय का अंत
कर्टजन ने कहा कि वह आराम करना चाहेंगे और पूरा समय परिवार को देना चाहेंगे। कर्टजन को विश्व क्रिकेट के सबसे अनुभवी अंपायरों में एक माना जाता है। वह 106 टेस्ट मैचों, 209 एकदिवसीय मैचों और 14 ट्वेंटी-20 मैचों में अंपायरिंग कर चुके हैं।
वर्ष 1949 में दक्षिण अफ्रीका के केप प्रोविंस में जन्मे कर्टजन ने नौ दिसंबर 1992 को पोर्ट एलिजाबेथ में दक्षिण अफ्रीका और भारत के बीच खेले गए एकदिवसीय मैच के साथ अंपायरिंग का करियर शुरू किया था।
आईसीसी ने कर्टजन को उनकी शानदार उपलब्धियों के लिए बधाई दी और साथ ही कहा कि आईसीसी उनके योगदान को हमेशा याद रखेगा। आईसीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हारून लोगर्ट ने कहा, "एक शानदार करियर के मालिक रहे कर्टजन ने भावी अंपायरों के लिए खुद को एक उदाहरण के तौर पर पेश किया है।"
कर्टजन ने कहा, "मैंने अंपायर के तौर पर अपने 18 वर्ष के करियर का भरपूर लुत्फ उठाया है। मेरे ऊपर हमेशा बड़ी जिम्मेदारी होती है और इसे अच्छी तरह निभाकर मैं खुशी महसूस करता हूं। मैंने अपने करियर के दौरान कई क्रांतिकारी बदलाव, कई महान खिलाड़ियों और कई यादगार घटनाओं को देखा और जिया है। मैं अपनी उपलब्धियों से पूरी तरह संतुष्ट हूं।"
इस अवसर पर पाकिस्तानी टीम के कप्तान सलमान बट्ट और आस्ट्रेलियाई टीम के कप्तान रिकी पोंटिंग ने कर्टजन की उपलब्धियों की सराहना की। बट्ट ने कहा कि कर्टजन के संन्यास के साथ आईसीसी अंपायरिंग इतिहास में एक अध्याय का अंत हो गया वहीं पोंटिंग ने कर्टजन को आने वाले अंपायरों के लिए प्रेरणास्रोत करार दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications