पिछले दिनों हावर्ड को आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड ने संयुक्त रूप से नामांकित किया था। परंतु भारत और टेस्ट खेलने वाले पांच अन्य देशों ने हावर्ड के नामांकन का खुलकर विरोध किया था। इस वजह से आईसीसी में अहम भूमिका निभाने का हावर्ड का सपना टूट गया था। इसके बाद दोनों देशों की ओर से न्यूजीलैंड सर जॉन को नामांकन करने की बात कही गई थी। परंतु उन्होंने इस पद के लिए वक्त न निकाल पाने की बात कही। इसके बाद न्यूजीलैंड क्रिकेट (एनजेडसी) के अध्यक्ष एलन इसाक को शुक्रवार रात इस पद के लिए नामांकित किया गया।
स्थानीय समाचार पत्र 'द आस्ट्रेलियन' के अनुसार हावर्ड ने अपना नामांकन खारिज किए जाने पर फिर निरशा जताई और कहा कि क्रिकेट के प्रति उनका प्यार हमेशा बना रहेगा। उन्होंने कहा, "क्रिकेट को लेकर मेरा जुनून बरकरार रहेगा। यह जुनून न सिफ्र आस्ट्रेलिया बल्कि पूरी दुनिया के क्रिकेट को लेकर है।"
पिछले दिनों सिंगापुर में हुई आईसीसी की बैठक के दौरान भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश, दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज ने हावर्ड का विरोध किया था जिसके बाद उनका नामांकन खारिज हो गया था। इसी बैठक में शरद पवार ने आईसीसी के अध्यक्ष का पदभार संभाला था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।