गांगुली ने कहा, "इस समय मेरे लिए कुछ भी कहना ठीक नहीं लेकिन व्यक्तिगत तौर पर मेरा मानना है कि हालात को देखते हुए भारतीय टीम का पाकिस्तान दौरे पर जाना संभव नहीं दिख रहा है।"
वर्ष 2003-04 की ऐतिहासिक श्रंखला में भारतीय टीम को पाकिस्तान पर जीत दिलाने वाले गांगुली अपने गृहप्रदेश पश्चिम बंगाल की रणजी टीम के लिए अंतिम मैच खेलने को यहां पहुंचे हैं। बंगाल को प्लेट ग्रुप में गोवा के साथ सेमीफाइनल मुकाबला खेलना है।
यह पूछे जाने पर कि क्या पाकिस्तान दौरा करने को लेकर आज भारतीय टीम ठीक उसी स्थिति में है, जैसी स्थिति में कुछ दिनों पहले इंग्लैंड की टीम भारत आने को लेकर थी, गांगुली ने कहा, "इंग्लैंड को भारत में वैसे हालात का सामना नहीं करना पड़ रहा है जैसा कि भारतीय टीम को पाकिस्तान में करना पड़ सकता है। दोनों स्थितियों की तुलना ठीक नहीं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।