Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block

त्रिकोणीय श्रृंखला : न्यूजीलैंड को हरा भारत फाइनल में पहुंचा (राउंडअप)

रांगिरी अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग की शतकीय पारी की बदौलत न्यूजीलैंड के समक्ष जीत के लिए 224 रनों का लक्ष्य रखा था। इसका पीछा करती हुई न्यूजीलैंड की पूरी टीम 30.1 ओवर में 118 रनों पर धराशाई हो गई। भारतीय टीम की जीत में तेज गेंदबाजों ने भी अहम भूमिका निभाई।

भारत की ओर से प्रवीण कुमार और मुनाफ पटेल ने न्यूजीलैंड के तीन-तीन बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई जबकि आशीष नेहरा ने दो और ईशांत शर्मा व रवींद्र जडेजा को एक-एक विकेट मिले।

भारत की ओर से 110 रनों की शतकीय पारी खेलने वाले धुरंधर बल्लेबाज सहवाग को मैन ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया। जीत के बाद सहवाग ने कहा, "बैटिंग के लिए आज का पिच बेहतर था। आउट होने पर मुझे निराशा हुई क्योंकि मैं टीम का स्कोर 270 या उससे अधिक ले जाना चाहता था।"

जीत पर खुशी जाहिर करते हुए भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने कहा, "सहवाग गेंदों को मिडिल कर रहे थे। उनके साथ बल्लेबाजी करना हमेशा सुखद होता है। पिछले मैच में भी उन्होंने 99 रन बनाए था लेकिन आज की पारी उनकी महत्वपूर्ण थी। हमारे गेंदबाजों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। प्रवीण कुमार ने शानदार स्विंग गेंदबाजी की। नेहरा ने भी अच्छी गेंदबाजी की। मुनाफ का प्रदर्शन अच्छा रहा।"

मैच हारने के बाद न्यूजीलैंड के कप्तान रॉस टेलर ने कहा, "सहवाग ने हमसे मैच छीन लिया। बाद में भारतीय गेंदबाजों ने भी लय में गेंदबाजी की। खासकर प्रवीण कुमार ने लाजबाब प्रदर्शन किया।"

न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने भारतीय तेज गेंदबाजों की घातक गेंदबाजी के पूरी तरह घुटने टेक दिए। न्यूजीलैंड की आधी से अधिक टीम महज 16.5 ओवरों में पवेलियन लौट गई थी।

मार्टिन गुपटिल (0) का विकेट एक रन के कुल योग पर गिरा जबकि ब्रेडले वॉटलिंग (2) छह रन के कुल योग पर पेवेलियन लौटे। 14 रन के कुल योग पर प्रवीण कुमार ने कप्तान रॉस टेलर (8) को आउट कर भारतीय टीम को बड़ी सफलता दिलाई।

इसके बाद स्कॉट स्टायरिश (1), केन विलियम्सन (13) और गारेथ हॉपकिंस (0) भी चलते बने। ग्रांट इलियट और नाथन मैक्लम भी जल्दी ही पवेलियन लौट गए। इलियट ने 13 रन बनाए जबकि मैक्लम ने पांच रनों का योगदान दिया।

अंतिम समय में केइल मिल्स ने जोरदार हाथ दिखाए और तेजी से रन बटोरे लेकिन उनकी यह कोशिश न्यूजीलैंड की हार टालने के लिए नाकाफी थी। मिल्स ने 35 गेंदों पर सात चौकों व तीन छक्कों की मदद से 52 रन बटोरे।

इससे पहले, बल्लेबाजों की नाकामी से बेहाल भारतीय क्रिकेट टीम 223 रनों के मामूली स्कोर पर सिमट गई। कागज पर 'शेर' दिखने वाले भारतीय टीम के सभी बल्लेबाज 46.3 ओवरों में पेवेलियन लौट गए।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम के लिए सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने सर्वाधिक 110 रनों का योगदान दिया जबकि बाकी के 10 बल्लेबाज सिर्फ 91 रन जोड़ सके। 22 रन अतिरिक्त के तौर पर बने।

सहवाग ने अपना 13वां एकदिवसीय शतक लगाया जबकि कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने 38 रन जोड़े। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 107 रनों की साझेदारी निभाई। भारतीय टीम ने इस साझेदारी से पहले जहां 66 रन पर चार विकेट गंवाए थे वहीं इसके बाद 50 रन पर पांच विकेट गंवा दिए।

इसका पूरा श्रेय न्यूजीलैंड के गेंदबाजों को देना चाहिए क्योंकि मैच की तीसरी गेंद पर दिनेश कार्तिक का विकेट लेने के बाद से ही कीवी गेंदबाजों ने मैच पर अपनी पकड़ बना ली थी। एक वक्त पर सहवाग और धौनी ने इसे कमजोर करने की कोशिश की लेकिन 173 पर सहवाग और 199 पर धौनी को आउट करने के बाद कीवी गेंदबाज एक बार फिर अपनी टीम को मजबूत स्थिति में ले आए।

न्यूजीलैंड की ओर से टिम साउदी ने सर्वाधिक चार विकेट झटके। नेथन मैक्लम को तीन और केइल मिल्स को दो सफलता मिली। यह मैच जीतने वाली टीम इस श्रृंखला का फाइनल खेलेगी। मेजबान श्रीलंकाई टीम पहले ही फाइनल में पहुंच चुकी है।

भारतीय टीम के सिर्फ तीन बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार कर सके। धौनी और सहवाग के अलावा रवींद्र जडेजा ने 17 रन बनाए लेकिन अन्य सभी बल्लेबाज 'तू चल मैं आया' का राग अलापते रहे। कार्तिक (0), विराट कोहली (8), युवराज सिंह (6), सुरैश रैना (1), प्रवीण कुमार (6), आशीष नेहरा (0) और मुनाफ पटेल (7) ने निराश किया जबकि ईशांत शर्मा आठ रन पर नाबाद लौटे।

इससे पहले, सहवाग ने केइल मिल्स के ओवर में लगातार तीन चौके लगाकर एकदिवसीय मैचों में 1000 चौके पूरे किए। ऐसा करने वाले वह सातवें बल्लेबाज हैं।

एकदिवसीय मैचों में सर्वाधिक चौके लगाने का रिकार्ड भारत के सचिन तेंदुलकर के नाम है। तेंदुलकर ने 442 मैचों में अब तक 1927 चौके लगाए हैं। श्रीलंका के दिग्गज सलामी बल्लेबाज सनत जयसूर्या इस क्रम में दूसरे स्थान पर हैं। जयसूर्या के नाम 444 मैचों में 1500 चौके हैं।

1000 से अधिक चौके लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में आस्ट्रेलिया के कप्तान रिकी पोंटिंग (1164) तीसरे, आस्ट्रेलिया के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट (1162) चौथे, भारतीय टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली (1122) पांचवें और वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान ब्रायन लारा (1035) छठे क्रम पर हैं।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Story first published: Tuesday, November 14, 2017, 12:43 [IST]
Other articles published on Nov 14, 2017
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+