जोहांसबर्ग। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति नेल्सन मंडेला 11 जून को फीफा विश्व कप-2010 का उद्घाटन मैच देखने के लिए मशहूर सॉकर सिटी स्टेडियम पहुंचेंगे। पहला मैच मेजबान दक्षिण अफ्रीका और मेक्सिको के बीच खेला जाएगा। समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार दक्षिण अफ्रीका के खेल मंत्री ने 91 वर्षीय मंडेला के उद्घाटन समारोह के दौरान स्टेडियम में मौजूद रहने की पुष्टि की है।
मंडेला के इस आयोजन में हिस्सा लेने को लेकर महीनों तक ऊहापोह की स्थिति बनी रही थी। मंडेला की बदौलत ही दक्षिण अफ्रीका को पहली बार फीफा विश्व कप की मेजबानी का मौका मिला है। हाल के वर्षो में मंडेला ने सार्वजनिक सभाओं में जाना बंद कर दिया है लेकिन समाचार पत्र 'बिजनेस डे' ने खेल मंत्री माखेनकेशी स्टोफाली के हवाले से खबर दी है कि मंडेला ने आयोजन समिति को एक पत्र लिखकर उद्घाटन मैच के टिकट के लिए अनुरोध किया है।
स्टोफाली ने कहा, "मंडेला ने खुद पत्र लिखकर टिकट मांगा है। स्थानीय आयोजकों ने उनकी इस इच्छा का सम्मान करते हुए उन्हें टिकट उपलब्ध करा दिया है।" मंडेला का प्रतिनिधित्व करने वाले संगठन-नेल्सन मंडेला फाउंडेशन- ने हालांकि इस खबर की पुष्टि नहीं की है। संगठन के प्रवक्ता ने कहा कि सुरक्षा कारणों से मंडेलका के भविष्य के कार्यक्रमों की रूपरेखा सार्वजनिक नहीं की जाती है।