आस्ट्रेलिया के समाचार पत्र 'द आस्ट्रेलियन' के मुताबिक संन्यास की घोषणा करते हुए हेडन ने पिछले कुछ समय से फार्म के साथ अपने संघर्ष की बात को सार्वजनिक तौर पर स्वीकार किया।
अपने परिवार की मौजूदगी में पत्रकारों को संबोधित करते हुए हेडन ने कहा, "आज मैं अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में आस्ट्रेलिया के प्रतिनिधि के तौर पर संन्यास की घोषणा करता हूं। मेरा फैसला तत्काल प्रभाव से लागू हो रहा है। मैं जानता हूं कि मेरे लिए जाने का समय आ गया है और यही सोचकर मैंने यह फैसला किया है।"
हेडन पिछले कुछ दिनों से बेहद खराब फार्म से गुजर रहे थे। भारत के साथ खेली गई चार मैचों टेस्ट श्रंखला के दौरान उनका बल्ला बुरी तरह खामोश रहा। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका के साथ खेली गई तीन मैचों की टेस्ट श्रंखला में भी हेडन नाकाम रहे। खास बात यह है कि दोनों मौकों पर उनकी टीम को हार का मुंह देखना पड़ा। पिछली 17 पारियों में हेडन सिर्फ दो अर्धशतक लगा सके।
इस वजह से हेडन पर संन्यास लेने का दबाव बढ़ गया था। हालिया नाकामी के कारण ही उन्हें एकदिवसीय और ट्वेंटी -20 टीमों में शामिल नहीं किया गया। हालांकि इंग्लैंड के साथ खेली जाने वाली एशेज श्रंखला के लिए उन्हें टीम में शामिल करने की उम्मीद बची हुई थी लेकिन इससे पहले ही इस कद्दावर खिलाड़ी ने क्रिकेट को अलविदा कह दिया।
हेडन को आधुनिक क्रिकेट के महानतम बल्लेबाजों में शुमार किया जाता है। अपने शानदार डीलडौल और आक्रामक शैली के दम पर हेडन ने 103 टेस्ट मैचों में 50.74 के आकर्षक औसत के साथ कुल 8,625 रन बनाए। इसमें 30 शतक और 29 अर्धशतक शामिल हैं। शतक लगाने के मामले में भी हेडन दुनिया के सफलतम बल्लेबाजों में शुमार हैं।
टेस्ट मैचों में हेडन का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर 380 रन रहा है। एक समय सर्वोच्च टेस्ट स्कोर का विश्व रिकार्ड उनके नाम ही दर्ज थी लेकिन वेस्टइंडीज के ब्रायन लारा ने 400 रनों की नाबाद पारी खेलकर उन्हें पीछे छोड़ दिया। बहरहाल, वे इस क्रम में दूसरे स्थान पर हैं।
एकदिवसीय मैचों की बात की जाए तो हेडन ने 161 मैचों में 43.80 के औसत से 6,133 रन बनाए हैं। इसमें 10 शतक तथा 36 अर्धशतक शामिल हैं। एक समय हेडन विस्फोटक एडम गिलक्रिस्ट के साथ विश्व की सबसे आक्रामक एकदिवसीय सलामी जोड़ी का हिस्सा थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*