आस्ट्रेलियन ओपन : नडाल समेत कई दिग्गज अंतिम-8 दौर में (राउंडअप)
सोमवार को खेले गए मुकाबले में नडाल ने 2007 के उपविजेता चिली के फर्नाडो गोंजालेज को 6-3, 6-2, 6-4 से पराजित किया। अगले दौर में नडाल का सामना फ्रांस के गिलीज सिमोन से होगा, जो पहली बार किसी ग्रैंड स्लैम के अंतिम आठ में पहुंचे हैं। यह मुकाबला बुधवार को होना है।
सिमोन के प्रतिद्वंद्वी गेल मोनफील्स दाएं हाथ की कलाई की चोट के कारण मुकाबले से हट गए। उस समय हालांकि सिमोन 6-4, 2-6, 6-1 से आगे चल रहे थे।
दूसरी ओर, विश्व की दूसरी वरीयता प्राप्त महिला खिलाड़ी अमेरिका की सेरेना विलियम्स भी अंतिम आठ में पहुंच गई हैं। सेरेना को हालांकि अपने प्रतिद्वंद्वी के चोटिल होने के कारण इस दौर में जगह बनाने में थोड़ी आसानी हुई।
सेरेना को कोर्ट पर सिर्फ 90 मिनट बिताने पड़े क्योंकि 13वीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी विक्टोरिया अजारेंका बुखार के कारण मैच पूरा नहीं कर सकीं। उस समय सेरेना 6-3 से पहला सेट जीत चुकी थीं लेकिन दूसरे सेट में 2-4 से पिछड़ रही थीं।
उधर, रूस की टेनिस स्टार स्वेतलाना कुज्नत्सोवा और स्पेन की सनसनी कार्ला साउरेज नावारो भी अंतिम आठ दौर में पहुंच गईं। सोमवार को कुज्नत्सोवा जहां अपनी प्रतिद्वंद्वी चीन की झेंग जी के चोटिल होने के कारण जीत हासिल करने में सफल रहीं वहीं नावारो ने अपने ही देश की एनाबेल मेडिना गैरीगुएज को 6-3, 6-2 से पराजित किया।
झेंग जब मुकाबले से बाहर हुईं, तब कुज्नत्सोवा 4-1 से आगे चल रही थीं। झेंग को कलाई की चोट के कारण मुकाबले से हटने पर मजबूर होना पड़ा।
कुज्नत्सोवा आस्ट्रेलियन ओपन के एकल वर्ग के अंतिम आठ दौर में जगह बनाने वाली चौथी रूसी खिलाड़ी बन गई हैं। इससे पहले दिनारा सफीना, वेरा ज्वोनारेवा और एलेना दिमेंतिएवा इस दौर में जगह सुरक्षित कर चुकी हैं।
विश्व की छठी वरीयता प्राप्त महिला खिलाड़ी अमेरिका की वीनस विलियम्स को हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने वाली नावारो को अगले दौर में बुधवार को दिमेंतिएवा से भिड़ना है, जो उनके सामने जबरदस्त चुनौती पेश करेंगी।
टूर्नामेंट का आठवां दिन भारत के लिए मिश्रित परिणाम लेकर आया। एक तरफ जहां युगल वर्ग में महेश भूपति अंतिम आठ दौर में पहुंचने में सफल रहे वहीं जूनियर वर्ग में भारत के कई प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को हार का मुंह देखना पड़ा।
भूपति और उनके जोड़ीदार बहामास के मार्क नोल्स ने सोमवार को खेले गए प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में स्पेन के टॉमी रोब्रेडो और इक्वाडोर को निकोलस लेपेंटी को पराजित किया।
भूपति-नोल्स की तीसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी ने यह मुकाबला एक घंटे 10 मिनट के भीतर 6-3, 6-4 से जीता। भूपति-नोल्स ने पहले सेट में दो बार विपक्षी खिलाड़ियों की सर्विस ब्रेक की और मात्र 30 मिनट में यह सेट अपने नाम किया।
दूसरे सेट में भूपति-नोल्स ने चार में दो मौकों पर ब्रेक प्वाइंट हासिल किए। इस सेट में रोब्रेडो और लेपेंटी ने भी एक बार भूपति-नोल्स की सर्विस ब्रेक की लेकिन खेल पर नियंत्रण नहीं होने के कारण वे मुकाबले में बने नहीं रह सके।
अगले दौर में भूपति-नोल्स की भिड़ंत स्पेन के फेलिसियानो लोपेज और फर्नांडो वर्दास्को से होगा, जिन्होंने अर्जेटीना के लुकास अर्नाल्ड केर और जुआन मोनाको को 6-2, 7-5 से पराजित किया।
जूनियर वर्ग में काजा विनायक शर्मा स्वीडन के पैट्रिक ब्रेडोल्फ को 6-4, 6-4 से पराजित कर बालकों के दूसरे दौर में जगह पक्की की। अगले दौर उनका सामना नीदरलैंड के जस्टिन इलेवेल्ड से होगा।
एक अन्य भारतीय, सुदावरा सिताराम को हालांकि हार का सामना करना पड़ा। उन्हें फ्रांस के पियरे हर्बट ने 6-3, 6-4 से पराजित किया।
लड़कियों के वर्ग में भारत की कायरा श्राफ चेक गणराज्य की मोनिका तुर्नोवा के हाथों 0-6, 3-6 से हार गईं जबकि युकी भांबरी और उनके ताइवानी जोड़ीदार लियांग चीन हुआंग बालकों के युगल मुकाबलों के दूसरे दौर में पहुंचने में सफल रहे।
युकी और हुआंग ने पहले दौर के मुकाबले में ब्राजील के गैब्रिएल डियास और मेक्सिको के सांचेज डेल्फिन को 7-5, 6-3 से पराजित किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications