फीफा विश्व कप: फ्रांस का अभियान लगभग खत्म (लीड-1)
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार खेल के 64वें मिनट में मैनचेस्टर युनाइटेड की ओर से खेलने वाले स्ट्राइकर जेवियर हर्नाडेज ने पहला गोल किया। खेल के पहले हाफ में भी इस खिलाड़ी ने कई मौके बनाए लेकिन वह कामयाब नहीं हो सके। दूसरे हाफ में उनकी कोशिश रंग लाई और उन्होंने फ्रांस को बैकफुट पर धकेल दिया।
स्थानीय पीटर मोकाबा स्टेडियम में खेल का 79वां मिनट भी फ्रांस के लिए दुखदायी रहा। टीम में एकजुटता का अभाव इस कदर दिखा कि वे गलतियां कर बैठे और मेक्सिको को पेनेल्टी मिला। इस मौके को काउथेमोक ब्लैंको ने जाया नहीं होने दिया और खूबसूरत अंदाज में गोल किया। इस गोल के साथ ही मेक्सिको के प्रशंसको में खुशी की लहर दौड़ गई।
इस हार से फ्रांस के कोच रेमंड डोमेनेच की रणनीति पर फिर सवाल खड़े हो गए हैं। उरुग्वे के साथ पहला मुकाबला ड्रा खेलने पर भी उन पर अंगुलियां उठी थीं। उस समय महान फुटबालर जिनेदिन जिदान ने भी टीम के प्रदर्शन पर निराशा जाहिर की थी।
वैसे वर्ष 1998 का विश्व कप जीतने वाली फ्रांस की टीम को अब कोई चमत्कार ही अगले दौर में पहुंचा सकता है क्योंकि उसकी मौजूदा लय से ऐसा होता नहीं दिख रहा। अगर उरुग्वे और मेक्सिको का मैच ड्रॉ भी हो जाता है तो फ्रांस की टीम को बैरंग स्वदेश लौटना पड़ेगा।
फ्रांस के पास फिलहाल एक अंक है। दूसरी ओर उरुग्वे और मेक्सिको की टीमें चार-चार अंकों के साथ ग्रुप-ए में शीर्ष पर बनी हुई हैं। इसके बावजूद उम्मीद की एक हल्की रोशनी फ्रांस के लिए अभी भी है। इसके लिए जरूरी है कि मेक्सिको के खिलाफ उरुग्वे की करारी हार हो और फ्रांस अपने अगले मुकाबले में मेजबान दक्षिण अफ्रीका को बुरी तरह पराजित करे। परंतु फ्रांस की टीम का प्रदर्शन देखकर ऐसा होने की संभावना बेहद क्षीण नजर आती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications