गुवाहाटी। नॉर्थईस्ट यूनाइटेड की नजरें बुधवार को मुंबई सिटी को हराकर अंक तालिका में मजबूत स्थिति बनाने पर रहेंगी। मुकाबला इंदिरा गांधी एथलेटिक स्टेडियम में होगा। हाईलैंर्ड्स के नाम से मशहूर नॉर्थईस्ट यूनाइटेड को इस सीजन में एक भी हार का सामना नहीं करना पड़ा है। कोच रोबर्ट जार्नी की टीम चार मैचों में दो जीत और दो ड्रॉ के साथ आठ अंक लेकर अंक तालिका में चौथे नंबर पर है। जार्नी अपने स्टार खिलाड़ी रेडीम लांग के फॉर्म से काफी खुश होंगे, जो इस सीजन में अब तक दो गोल दाग चुके हैं। उनके अलवा स्टार स्ट्राइकर एसामोह जियान भी टीम में लौटना चाहेंगे जो इंटरनेशनल ब्रेक से पहले चोटिल हो गए थे।
डिफेंडर काई हीरिंग्स का लीग से सस्पेंड होना, कोच के लिए जरूर चिंता की बात है। हीरिंग्स को इस महीने की शुरूआत में एफसी गोवा के खिलाफ मुकाबले में मैदान पर खराब व्यवहार के कारण सस्पेंड कर दिया गया है। टीम के सहायक कोच खालीद जमील का कहना है कि नॉर्थईस्ट की टीम मुंबई सिटी के खिलाफ अपनी पूरी ताकत के साथ खेलेगी। जमील ने कहा, ''मुंबई के खिलाफ तीन अंक काफी महत्वपूर्ण है। हमारी टीम में कोई चोटिल नहीं है, लेकिन टीम को काई की कमी खलेगी। हम उसी तरह से खेलेंगे, जैसा कि आमतौर पर खेलते हैं। हमें एक अच्छी टीम के खिलाफ खेलना है, इसलिए उन्हें हल्के में नहीं ले सकते हैं।''
दूसरी तरफ मुंबई सिटी की टीम अपने अधिकतर चोटिल खिलाड़ियों के वापस टीम में लौटने से काफी खुश होगी। इनमें रॉवलिन बोर्जेस, मोदौ सौगु और माटो जर्जिक ऐसे खिलाड़ी हैं, जो टीम में वापस आ चुके हैं। इन खिलाड़ियों की वापसी से कोच जॉर्ज कोस्टा को काफी राहत मिलेगी। आईलैंर्ड्स के नाम से मशहूर मुंबई सिटी ने पहले दो मैचों में चार अंकों से सीजन की शुरूआत की। लेकिन इसके बाद अगले दो मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा। टीम इस समय अंकतालिका में चार मैचों के बाद आठवें नंबर पर है।
मुंबई सिटी के पिछले सीजन में भी चार मैचों में इतने ही अंक थे, लेकिन इसके बाद टीम नौ मैचों में अपराजित रही थी और कोस्टा चाहेंगे कि टीम इस बार भी वैसा ही करे। कोस्टा ने कहा, ''हमने ठीक पिछले सीजन जैसी शुरूआत की। पिछले सीजन में भी चार मैचों के बाद हमारे चार अंक थे। हमने अच्छी शुरूआत की थी और फिर कुछ समस्याएं थी। मुझे अपने खिलाड़ियों पर पूरा विश्वास है। उन्हें पता है कि उन्हें क्या करना है और मुझे पता है कि मुझे क्या करना है। यह हमारे लिए एक महत्वपूर्ण मैच और हमें तीन अंक हासिल करना है।''उन्होंने कहा, ''खिलाड़ियों के खेलने के लिए माहौल अच्छा है। मुंबई में ज्यादा गर्मी है, लेकिन हम किसी भी परिस्थितियों में खेलने के लिए तैयार हैं। अगर आप मुझसे पूछेंगे कि मैं इसी तरह की परिस्थितियों को प्राथमिकता दूंगा।''