बर्लिन ।फीफा विश्व कप-2010 को लेकर अब तक सटीक भविष्यवाणियां करने वाले पॉल नाम के ऑक्टोपस ने स्पेन की टीम के अगला विश्व चैम्पियन बनने की भविष्यवाणी की है। मीडिया के हुजूम के बीच पॉल ने शुक्रवार को इस बात का खुलासा किया। पॉल को स्पेन को नया विजेता घोषित करने में मात्र तीन मिनट का समय लगा जबकि कुछ मैचों के परिणाम की भविष्यवाणी करने में पॉल ने 70 मिनट तक का समय लिया था।
स्पेन बनेगा विश्वविजेता
पॉल को नियंत्रित करने वाले इस बात को लेकर हैरान हैं कि उसने स्पेन को विजेता के रूप में सामने लाने में बहुत कम समय लगाया। इससे माना जा रहा है कि स्पेन की टीम रविवार को हॉलैंड पर एकतरफा जीत हासिल करेगी।इससे पहले, पॉल ने जर्मनी को तीसरे स्थान के लिए शनिवार को खेले जाने वाले प्लेऑफ मुकाबले का विजेता बताया। इस मुकाबले में जर्मनी की भिड़ंत उरुग्वे के साथ होनी है।
आक्टोपस बाबा की भविष्यवाणी
इस भविष्यवाणी के दौरान पॉल पहले तो जर्मनी के राष्ट्रध्वज वाले डब्बे पर जाकर बैठा लेकिन फिर उरुग्वे के झंडे वाले डब्बे पर जाकर बैठ गया। इसके 15 मिनट बाद वह एक बार फिर जर्मनी के डब्बे पर लौटा और उसका ढक्कन खोलकर उसमें रखा खाना खा गया।पॉल ने स्पेन और जर्मनी के बीच खेले गए दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले को लेकर बिल्कुल सटीक भविष्यवाणी की थी। पॉल ने भविष्यवाणी की थी कि जर्मनी की टीम आस्ट्रेलिया, घाना, इंग्लैंड एवं अर्जेटीना के खिलाफ जीत जाएगी लेकिन स्पेन और सर्बिया के हाथों उसे हार झेलनी पड़ेगी।