Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block

चैम्पियंस लीग : मुंबई के सामने नाकामी से उबरने की चुनौती

गुरुवार को मुंबई इंडियंस टीम का सामना ग्रुप-बी के मुकाबले में वेस्टइंडीज की घरेलू लीग चैम्पियन गयाना की टीम से होना है। मुंबई की टीम का यह तीसरा मुकाबला होगा जबकि गयाना की टीम अपना दूसरा मैच खेलेगी।

मुंबई को चैम्पियंस लीग के उद्घाटन मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के क्लब लायंस के हाथों नौ रन की हार मिली थी जबकि मंगलवार को दूसरे मुकाबले में साउथ आस्ट्रेलिया की टीम ने बड़ा स्कोर खड़ा करने के बावजूद उसे पांच विकेट से पीट दिया।

कप्तान के तौर पर तेंदुलकर प्रेरणा के स्रोत रहे हैं लेकिन रणनीतिकार के तौर पर वह यह नहीं समझ पा रहे हैं कि आखिर दो मैचों में उनकी टीम की हार की मुख्य वजह क्या है? पहले मैच में जहां बल्लेबाज अपनी क्षमता के साथ न्याय नहीं कर सके थे वहीं दूसरे मैच में गेंदबाजों की कमी के कारण टीम बड़ा स्कोर नहीं बचा सकी।

व्यक्तिगत स्तर पर तेंदुलकर सहित कई खिलाड़ियों ने सराहनीय प्रदर्शन किया है। दूसरे मैच में सौरव तिवारी की भी वापसी हुई और उन्होंने 44 रनों की आतिशी पारी भी खेली लेकिन जहीर खान सहित सभी प्रमुख गेंदबाजों के रन लुटाने के कारण मुंबई 181 रनों का लक्ष्य भी नहीं बचा सकी।

तीसरे मैच में उसका सामना गयाना से है, जो अपने पहले मैच में बेंगलोर रॉयल चैलेंजर्स के हाथों नौ विकेट से हार चुका है। कद और प्रतिष्ठा के लिहाज से इस मैच में भी मुंबई इंडियंस का पलड़ा भारी है लेकिन जैसा कि शुरुआती दो मैचों के नतीजों से साफ है कि ट्वेंटी-20 में किसी टीम को सिर्फ इसलिए कमजोर नहीं समझना चाहिए क्योंकि उसके पास मशहूर चेहरों की कमी है।

जाहिर तौर पर मुंबई की टीम ने अब तक खेले गए दो मैचों से यह समझ बांध लिया होगा कि कम से कम चैम्पियंस लीग में किसी टीम को कमजोर आंकने की भूल के कारण हार हो सकती है। इसे देखते हुए मुंबइया टीम सटीक रणनीति के साथ मैदान में उतरेगी।

वर्ष 2009 में भारत में आयोजित चैम्पियंस लीग का पहला संस्करण खासा लोकप्रिय रहा था। पहले संस्करण में कुल 12 टीमों ने हिस्सा लिया था लेकिन इस बार कुल 10 टीमों के बीच श्रेष्ठता की जंग हो रही है।

चैम्पियंस लीग के दूसरे संस्करण में न्यूजीलैंड से सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट्स स्टैग्स, भारत से चेन्नई सुपर किंग्स, मुंबई इंडियंस और बेंगलोर रॉयल चैलेंजर्स, वेस्टइंडीज से गयाना, दक्षिण अफ्रीका से लायंस और वारियर्स, आस्ट्रेलिया से साउथ आस्ट्रेलिया और विक्टोरिया तथा श्रीलंका से वायंबा की टीमें हिस्सा ले रही हैं।

10 टीमों को पांच-पांच के दो ग्रुप में विभाजित किया गया है। ग्रुप-ए में चेन्नई सुपर किंग्स, वारियर्स, विक्टोरिया, सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट्स और वायंबा को रखा गया है जबकि ग्रुप बी में मुंबई इंडियंस, लायंस, साउथ आस्ट्रेलिया, रॉयल चैलेंजर्स और गयाना की टीमें हैं।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Story first published: Tuesday, November 14, 2017, 12:44 [IST]
Other articles published on Nov 14, 2017
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+