धोनी को धमकाने के मामले में प्रशंसकों ने एफआईआर दर्ज कराई
धोनी के प्रशंसकों ने मंगलवार को अज्ञात लोगों के खिलाफ धमकी और फिरौती मांगने को लेकर एफआईआर दर्ज कराया। 'धोनी फैन्स क्लब' के अध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने आईएएनएस को बताया, "हमने अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय कप्तान को धमकाने और उनसे फिरौती मांगने को लेकर एफआईआर दर्ज करा दिया है।"
सिंह ने बताया कि उन्होंने अपने साथियों के साथ इस संबंध में डोरंडा थाने के प्रमुख के.एन. चौधरी से मुलाकात की और उनके माध्यम से एफआईआर दर्ज कराने की औपचारिकता पूरी की।
आईएएनएस ने शनिवार को खबर दी थी कि धमकी के बावजूद धोनी के परिजनों ने एफआईआर दर्ज नहीं कराया है। सिंह ने बताया कि उन्हें मीडिया के माध्यम से जानकारी मिली कि इस मामले में अभी तक एफआईआर दायर नहीं कराया गया है।
उल्लेखनीय है कि धोनी के परिवार को पिछले सोमवार को एक पत्र मिला था जिसमें 50 लाख रुपये फिरौती मांगी गई थी। पत्र भेजने वाले ने अपना नाम तस्लीम बताया था। उसने दावा किया था कि वह अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम का करीबी है।
धोनी के परिवार को फिरौती से संबंधित दो पत्र मिल चुके हैं। पहला पत्र सोमवार को मिला था जबकि दूसरा पिछले बुधवार को मिला। दूसरे पत्र में फिरौती की राशि नियत स्थान पर नहीं पहुंचाने और पुलिस को सूचित करने पर धोनी का मकान उड़ाने की धमकी दी गई है।
धोनी ने इस संबंध में बुधवार को झारखंड पुलिस के आला अधिकारियों से मुलाकात की थी और दोनों पत्र उन्हें सौंप दिए थे। साथ ही भारतीय कप्तान ने अपने परिजनों की सुरक्षा बढ़ाए जाने की मांग की थी।
झारखंड पुलिस ने धोनी और उनके परिजनों को 'जेड' श्रेणी की सुरक्षा मुहैया करा दी है। पुलिस के मुताबिक फिलहाल 45 पुलिसकर्मी भारतीय कप्तान के घर की सुरक्षा में तैनात हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications