हार के बावजूद सीएसए का अपनी टीम पर भरोसा कायम
जोहांसबर्ग, 19 जून (आईएएनएस)। इंग्लैंड में जारी ट्वेंटी-20 विश्व कप के फाइनल में नहीं पहुंच पाने के कारण प्रशंसकों और आलोचकों ने दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट टीम की जमकर खिंचाई की है लेकिन क्रिकेट साउथ अफ्रीका (सीएसए) को अपनी टीम के प्रदर्शन को लेकर कोई शिकायत नहीं।
सीएसए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जेराल्ड मजोला ने एक बयान में कहा, "सेमीफाइनल में पहुंचकर ट्वेंटी-20 विश्व कप से हमारी टीम का बाहर होना निराशाजनक है लेकिन यह हमारे सफर का अंत नहीं है। हमारी टीम का भविष्य उज्जवल है।"
दक्षिण अफ्रीकी टीम शुक्रवार को नाटिंघम में खेले गए पहले सेमीफाइनल मुकाबले में पाकिस्तान के हाथों हार गई। इस तरह उसका कोई विश्व खिताब जीतने का सपना एक बार फिर अधूरा रह गया।
मजोला ने कहा, "हमारी टीम के नाम लगातार सात ट्वेंटी-20 जीत दर्ज करने का रिकार्ड है। हमारी टीम सर्वोच्च वरीयता प्राप्त एकदिवसीय टीम भी है और इस सत्र में टेस्ट मैचों में भी उसका प्रदर्शन शानदार रहा है। इन सफलताओं का मतलब है कि हमारा भविष्य उज्जवल है और यही कारण है कि हम अपनी टीम पर भरोसा कायम रखे हुए हैं।"
मजोला ने बताया कि दक्षिण अफ्रीकी टीम के स्वदेश लौटने पर 30 जून को जोहांसबर्ग में खिलाड़ियों के सम्मान में एक भोज आयोजित किया जाएगा। यह भोज पिछले सत्र में उनकी शानदार कामयाबी के उपलक्ष्य में होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications