अमेरिकी ओपन : फेडरर और क्लाइस्टर्स जीते, हेविट और सफीना बाहर (लीड-1)
फेडरर और क्लाइस्टर्स ने हालांकि सोमवार को शुरू हुए वर्ष के अंतिम ग्रैंड स्लैम में जीत के साथ शुरुआत की लेकिन दो अन्य पूर्व सर्वोच्च वरीयता प्राप्त खिलाड़ी आस्ट्रेलिया के लेटन हेविट और रूस की दिनारा सफीना को बाहर का रास्ता देखना पड़ा है।
पिछले वर्ष अमेरिकी ओपन का फाइनल खेलने वाले फेडरर ने पहले दौर के मुकाबले में अर्जेंटीना के ब्रायन डाबुल को 6-1, 6-4, 6-2 से पराजित किया जबकि क्लाइस्र्ट्स ने हंगरी की ग्रेटा आर्न को 6-0, 7-5 से हराया।
सफीना को स्लोवाकिया की डेनिएला हंतुकोवा के हाथों 3-6, 4-6 से हार मिली जबकि हेविट को फ्रांस के खिलाड़ी पॉल हेनरी मैथ्यू ने 6-3, 6-3, 6-4 से पराजित किया।
अमेरिकी खिलाड़ी एंडी रॉडिक भी दूसरे दौर में जगह बनाने में सफल रहे हैं। रॉडिक ने अपने 28वें जन्मदिन के जश्न के बीच फ्रांस के स्टीफन रोबर्ट को 6-3, 6-2, 6-2 से मात दी। रॉडिक जबरदस्त फार्म में हैं और उन्हें इस बार खिताब का दावेदार माना जा रहा है।
उधर, भारत की सानिया मिर्जा दूसरे दौर में पहुंच गई हैं लेकिन सोमदेव देवबर्मन को एकल मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। विश्व की 160वीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी सानिया ने पुर्तगाल की मिशेल लार्चर दे ब्रीटो को 6-3, 6-2 से पराजित किया।
यह मुकाबला एक घंटे 17 मिनट चला। सानिया एक समय विश्व वरीयता क्रम में 27वें क्रम पर पहुंची थीं। अगले दौर में सानिया की भिड़ंत विश्व की 20वीं वरीयता प्राप्त रूसी खिलाड़ी अनास्तासिया पावलियूचेनकोवा से होगी। मैच के बाद सानिया ने कहा कि क्वालीफाईंग टूर्नामेंट में खेलने के बाद उनका आत्मविश्वास काफी बढ़ गया है।
सानिया वर्ष 2005 के बाद पहली बार क्वालीफाईंग के जरिए मुख्य ड्रॉ में खेल रही हैं। 2005 में सानिया ने अमेरिकी ओपन में चौथे दौर तक का सफर तय किया था लेकिन उसके बाद वह अपना प्रदर्शन दोहरा नहीं सकी थीं।
भारत के सर्वोच्च वरीयता प्राप्त एकल खिलाड़ी सोमदेव को एकल वर्ग के पहले दौर में हार का सामना करना पड़ा है। विश्व के 99वें वरीयता प्राप्त खिलाड़ी सोमदेव को दक्षिण अफ्रीका के डेविस कप खिलाड़ी केविन एंडरसन ने 6-3, 6-4, 6-3 से हराया। सोमदेव पिछले वर्ष अमेरिकी ओपन के दूसरे दौर में पहुंचने में सफल रहे थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications