राष्ट्रमंडल खेल : बेहतर प्रदर्शन करना चाहते हैं नारंग व सावंत
लखनऊ में मंगलवार को संवाददाताओं से हुई बातचीत में गगन नारंग ने कहा कि मेरे विचार से राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारियों से जुड़े भ्रष्टाचार विवाद का खिलाड़ियों पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा। हमारा (खिलाड़ियों का) काम देश के लिए पदक जीतना है और हम हर हाल में उसी पर ध्यान देना चाहते हैं।
इस दौरान तेजस्विनी सावंत ने कहा कि सभी खिलाड़ी राष्ट्रमंडल खेलों में देश के लिए ज्यादा से पदक लाने पर ध्यान दे रहे हैं और इन विवादों का उन पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
तेजस्विनी और नारंग सहारा इंडिया द्वारा आयोजित समारोह में हिस्सा लेने के लिए मंगलवार शाम लखनऊ पहुंचे थे। हाल ही में म्यूनिख में हुई 50 वीं इंटरनेशनल शूटिंग स्पोर्ट्स फेडरेशन (आईएसएसएफ) वर्ल्ड शूटिंग चैंपियनशिप में भारत का नाम रोशन करने के लिए सहारा इंडिया परिवार के प्रमुख सुब्रत रॉय सहारा ने दोनों खिलाड़ियों को सहारा शहर में आयोजित एक कार्यक्रम में सम्मानित किया।
गौरतलब है कि तेजस्वनी सावंत 50 वीं आईएसएसएफ वर्ल्ड शूटिंग चैंपियनशिप में 50 मीटर राइफल प्रोन इवेंट की विजेता हैं जबकि गगन नारंग 10 मीटर एयर रायफल इवेंट के कांस्य पदक विजेता होने के साथ ही 2012 के लंदन ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने वाले पहले भारतीय निशानेबाज भी हैं।
सावंत ने कहा कि मैं पदक जीतने के बारे न सोचकर देश के तिरंगे झंडे को शान से ऊपर करने के बारे में सोचती हूं। मैं पूरी कोशिश करूंगी कि दिल्ली में अक्टूबर में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों में मैं देश का नाम रोशन कर सकूं।
नारंग ने कहा कि राष्ट्रमंडल खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए मैं कड़ी मेहनत कर रहा हूं।
इस दौरान उन्होंने कहा कि राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार न पाने से मैं थोड़ा निराश जरूर हूं, पर इससे मेरे प्रदर्शन पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा। देश की जनता और चाहने वालों जिनको मुझसे बहुत सारी उम्मीदें हैं उनके लिए मैं राष्ट्रमंडल खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए तैयार हूं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications