मैच फिक्सिंग विवाद : क्रिकेट जगत में तूफान, माजिद रिहा (राउंडअप)
'स्पॉट-फिक्स्िंाग' की खबरों के बाद आईसीसी अध्यक्ष ने जहां दोषियों को कड़ी सजा देने की बात कही वहीं पाकिस्तान के कई पूर्व क्रिकेटरों ने दोषियों को किसी भी हाल में नहीं छोड़ने की वकालत की। सोमवार को ही इस मामले के मुख्य आरोपी मजहर माजिद को जमानत मिल गई।
आईसीसी अध्यक्ष शरद पवार ने इस मामले पर पहली बार बयान जारी करते हुए सोमवार को कहा कि पाकिस्तानी टीम पर लगे मैच फिक्सिंग के आरोप अगर सही पाए जाते हैं तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस बारे में विस्तृत बातचीत के लिए वह पीसीबी और ईसीबी के संपर्क में हैं।
उन्होंने कहा, "इस वक्त इस मसले पर कुछ कहना जायज नहीं होगा। ब्रिटेन की पुलिस मामले की जांच कर रही है। हम कोई भी कार्रवाई जांच पूरी होने के बाद ही करेंगे। पीसीबी और ईसीबी ऐसी किसी बात को बढ़ावा नहीं देना चाहेंगे, जो गलत है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। यह अच्छी बात है। फिलहाल तमाम आरोपों के बावजूद इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच खेली जाने वाली एकदिवसीय श्रृंखला जारी रहेगी।"
इस बीच, आईसीसी के पूर्व अध्यक्ष मैल्कम स्पीड ने इस घटना के बाद पाकिस्तान को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट बिरादरी से बाहर करने की वकालत की है। स्पीड ने कहा, "ऐसा लगता है कि पाकिस्तानी टीम के कई खिलाड़ी काफी समय से मैच फिक्सिंग में लिप्त रहे हैं। ऐसे में तो पाकिस्तानी क्रिकेट टीम को ही निलंबित कर दिया जाना चाहिए।"
उधर, पाकिस्तानी टीम को विश्व कप में एकमात्र खिताबी जीत दिलाने वाले पूर्व कप्तान और राजनेता इमरान खान ने इस घटना में कथित तौर पर शामिल खिलाड़ियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की बात कही है।
इस मामले में एक भारतीय सटोरिए को भी शामिल बताया जा रहा है। इसे लेकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने हालांकि सोमवार को पल्ला झाड़ लिया। बीसीसीआई के उपाध्यक्ष और प्रवक्ता राजीव शुक्ला ने इस संबंध में पत्रकारों से कहा, "बीसीसीआई का इस मामले से कुछ लेना-देना नहीं है। अगर इस मामले में कोई भारतीय सट्टेबाज शामिल है तो इसकी जांच भारतीय पुलिस करेगी।"
विवाद में पाकिस्तानी तेज गेंदबाज मोहम्मद आसिफ का नाम आते ही उनकी पूर्व प्रेमिका बीना मलिक ने भी अपना मुंह खोला और कहा कि आसिफ को मैच फिक्सिंग करने की बुरी लत है। मलिक ने सोमवार को कहा कि इस वर्ष की शुरुआत में जब पाकिस्तानी टीम आस्ट्रेलिया दौरे पर गई थी, तब आसिफ उस दौरे से ठीक पहले सटोरियों से मिलने के लिए बैंकॉक गया था।
बहरहाल, इस विवाद के मुख्य आरोपी पाकिस्तानी मूल के ब्रिटिश व्यापारी माजिद को जमानत मिल गई। माजिद को शनिवार को गिरफ्तार किया गया था। मामले की जांच कर रही ब्रिटेन की पुलिस-स्कॉटलैंड यार्ड ने माजिद को रिहा करते हुए उसे आने वाले दिनों में पूछताछ के लिए उपलब्ध रहने को कहा।
स्कॉटलैंड यार्ड ने हालांकि इस संबंध में माजिद, पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के कप्तान सलमान बट्ट, आरोपों के घेरे में आए तेज गेंदबाज आसिफ और मोहम्मद आमेर तथा कामरान अकमल से की गई पूछताछ का विस्तृत ब्यौरा देने से इंकार कर दिया।
लंदन पुलिस ने इस मामले में पाकिस्तानी खिलाड़ियों के होटल के कमरों से बड़ी मात्रा में नकद राशि बरामद की है। यह राशि कथित तौर पर उस सटोरिए द्वारा उपलब्ध कराई गई है, जिसने पैसे के बदले लॉर्ड्स टेस्ट मैच में स्पॉट फिक्सिंग का दावा किया है।
उल्लेखनीय है कि लंदन की मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने माजिद को गिरफ्तार करते हुए सनसनीखेज खुलासा किया था कि उसने लॉर्ड्स टेस्ट के दौरान आमेर और आसिफ के साथ नो-बॉल डालने को लेकर फिक्सिंग की थी। कप्तान बट्ट को इस बात की पूरी जानकारी क्योंकि माजिद ने उन्हें इस पूरे घटनाक्रम में शामिल बताया था।
ब्रिटेन के समाचार पत्र 'द न्यूज ऑफ द वर्ल्ड' द्वारा किए गए एक स्टिंग ऑपरेशन में माजिद ने समाचार पत्र से 150,000 पाउंड लिए और पहचान छुपाकर उससे मिलने वाले पत्र के संवाददाता से वादा किया कि पाकिस्तानी तेज गेंदबाज निर्धारित समय पर लार्ड्स टेस्ट में नो-बॉल फेंकेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications