For Quick Alerts
ALLOW NOTIFICATIONS  
For Daily Alerts

फीफा विश्व कप : जुमा ने कहा, अफ्रीका का है यह विश्व कप (लीड-1)

By Staff

एक महीने तक चलने वाले फुटबाल के इस महाकुंभ के आधिकारिक आगाज से पहले जोहांसबर्ग के सॉकर सिटी स्टेडियम में शानदार रंगारंग समारोह का आयोजन हुआ।

इस मंजर को स्टेडियम में मौजूद 94,000 लोगों के अलावा दुनिया भर में साढ़े तीन अरब से अधिक लोगों ने टेलीविजन के माध्यम से देखा। इस बार फीफा ने दृष्टिहीनों की 'आंख' बनने और बधिरों का 'कान' बनने की भी व्यवस्था की है। लिहाजा यह विश्व कप इस वर्ग के लोगों को भी जोड़ने में सफल रहा।

उद्घाटन समारोह के दौरान दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति जुमा, फीफा के अध्यक्ष सैप ब्लैटर और शांति के लिए नोबेल पुरस्कार से सम्मानित डेसमंड टुटु स्टेडियम में मौजूद थे। टुटु तो कार्यक्रम पेश कर रहे कलाकारों की धुन पर नाचते नजर आए। इस समारोह से ठीक पहले सॉकर सिटी स्टेडियम के ऊपर लड़ाकू विमानों ने शानदार करतब दिखाए। सबसे पहले कलाकारों ने स्टेडियम के मध्य में नौ 'रेडियल लाइन' खींचे, जो नौ आयोजन स्थलों का प्रतिनिधित्व करते हैं।

इसके बाद स्टेडियम के अंदर स्टेडियम का विहंगम दृश्य पेश किया गया। उसके चारों ओर कलाकार नाचते नजर आए। इस नृत्य के माध्यम से यह बताने की कोशिश की गई कि विश्व कप सिर्फ खेल आयोजन नहीं बल्कि दोस्ती और भाईचारे का प्रचारक भी है।

आधिकारिक तौर पर विश्व कप का आगाज करते हुए ब्लैटर ने कहा कि वह इस महान आयोजन के लिए दक्षिण अफ्रीका और अफ्रीका महाद्वीप के लोगों को बधाई देते हैं। बकौल ब्लैटर, "मैं आप सबको बधाई देता हूं। यह शानदार और भव्य नजारा है। यह किसी सपने के सच होने जैसा है और यह सपना पूरे दक्षिण अफ्रीका ने साथ मिलकर देखा है।"

इसके बाद ब्लैटर ने जुमा को बोलने के लिए आमंत्रित किया। जुमा ने सबसे पहले स्टेडियम में मौजूद लोगों को पूर्व राष्ट्रपति नेल्सन मंडेला के घर में हुई आकस्मिक मौत की खबर दी। जुमा ने कहा कि मंडेला बेशक इस आयोजन के लिए नहीं पहुंच सके लेकिन उन्होंने संदेश भिजवाया है कि 'खेल शुरू होना चाहिए और हमें इसका लुत्फ उठाना चाहिए।'

जुमा ने कहा कि दक्षिण अफ्रीका के लिए विश्व कप का आयोजन कराना सम्मान की बात है। बकौल जुमा, "हमारे लिए यह सम्मान की बात है। मैं इसके लिए फीफा को धन्यवाद देता हूं। मुझे खुशी है कि आज विश्व के सबसे बड़े खेल आयोजनों में से एक माना जाने वाला फीफा विश्व कप हमारे देश में आयोजित हो रहा है। यह सिर्फ दक्षिण अफ्रीका का नहीं बल्कि पूरे अफ्रीका महाद्वीप का विश्व कप है।"

विश्व कप में पांच महाद्वीपों का प्रतिनिधित्व करने वाले 32 देश शिरकत कर रहे हैं। विश्व कप के अंतर्गत कुल 64 मैच खेले जाने हैं और इनका आयोजन नौ शहरों के 10 आयोजन स्थलों पर होना है। मौजूदा चैम्पियन इटली जहां खिताब की रक्षा के लिए मैदान में उतरेगा वहीं उसके अलावा इस बार चैम्पियन ब्राजील, इंग्लैंड, अर्जेटीना, फ्रांस, जर्मनी और स्पेन को खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा है।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Story first published: Tuesday, November 14, 2017, 12:38 [IST]
Other articles published on Nov 14, 2017
Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+