सबसे कम उम्र में US Open खेलने के लिए क्वालीफाई करने वाले खिलाड़ी बने शुभंकर शर्मा
कोलंबस। भारतीय गोल्फ की नयी सनसनी कहे जा रहे शुभंकर शर्मा को वर्ष के दूसरे मेजर यूएस ओपन के लिये टिकट मिल गया है। यह टूर्नामेंट न्यूयार्क के साउथम्प्टन स्थित शिनेकॉक हिल्स गोल्फ क्लब में 14 से 17 जून तक खेला जाएगा। 21 वर्षीय शुभंकर इसके साथ ही यूएस ओपन में उतरने वाले पांचवें भारतीय गोल्फर और सबसे युवा भारतीय गोल्फर बन जाएंगे। दो बार के यूरोपियन टूर विजेता और विश्व रैंकिंग में 77वें नंबर के खिलाड़ी शुभंकर ने सोमवार को कोलंबस में आयोजित सेक्शनल क्वालिफायर में संयुक्त पांचवां स्थान हासिल कर यूएस ओपन में खेलने का टिकट कटाया था।
आपको बता दें कि सिलेक्शन क्वालिफायर में उतरे 120 गोल्फरों में से शीर्ष 14 को यूएस ओपन में खेलने का टिकट मिला है। शुभंकर यूएस ओपन के क्वालिफाइंग टूर्नामेंट में अपने तीसरे प्रयास में जाकर कामयाब हुए। उन्होंने 36 होल के क्वालिफाइंग टूर्नामेंट में पहले राउंड में तीन अंडर 69 और दूसरे राउंड में चार अंडर 68 का कार्ड खेला। शुभंकर इस साल के शुरू में मास्टर में आमंत्रण मिलने के कारण पहले ही अपना मेजर पदार्पण कर चुके हैं। यूएस ओपन का यह 118वां संस्करण होगा। यूएस ओपन में इससे पहले उतरे चार भारतीयों में जीव मिल्खा सिंह, अर्जुन अटवाल, शिव कपूर और अनिर्बाण लाहिड़ी शामिल हैं।
21 साल के शुभंकर यूएस ओपन में उतरने वाले सबसे युवा भारतीय बने हैं। इससे पहले लाहिड़ी ने 27 साल की उम्र में 2015 का यूएस ओपन खेला था। अपनी इस उपलब्धि पर शुभंकर ने ट्वीट किया, ''मैं बहुत रोमांचित हूं कि मैंने यूएस ओपन के लिये क्वालीफाई कर लिया है। मैं तीसरी बार जाकर भाग्यशाली बना हूं। इससे यह भी साबित होता है कि हमारे घरेलू टूर अब कितने मजबूत हो गये हैं।''
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
