Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block

फीफा विश्व कप : अर्जेटीना ने दक्षिण कोरिया को 4-1 से हराया (लीड-5)

सॉकर सिटी स्टेडियम में खेले गए फीफा विश्व कप-2010 के ग्रुप-बी के एक रोमांचक मुकाबले में गोंजालो हिग्वेन की शानदार हैट्रिक की बदौलत अर्जेटीना ने दक्षिण कोरिया को चारों खाने चित्त कर दिया।

इस जीत ने डिएगो मैराडोना की देखरेख में खेल रही और लियोनेल मेसी तथा कार्लोस तावेज जैसे दिग्गजों से सजी अर्जेटीनी टीम को ग्रुप-बी का तालिका में पहले स्थान पर पहुंचा दिया है। हिग्वेन इस विश्व कप में हैट्रिक लगाने वाले पहले खिलाड़ी बने।

अर्जेटीना ने अपने पहले मैच में नाइजीरिया को 1-0 से पराजित कर शानदार शुरुआत की थी। उस मैच में गेब्रियल हेइंज ने गोल किया था। इस विश्व कप में कोरियाई टीम की यह पहली और सबसे बड़ी हार है। कोरिया ने अपने पहले मैच में ग्रीस को 2-0 से हराया था।

अर्जेटीनी टीम ने 17वें मिनट में ही 1-0 की बढ़त बना ली थी। मैच का पहला गोल किसी अर्जेटीनी खिलाड़ी ने नहीं बल्कि दक्षिण कोरिया के मिडफील्डर पार्क चू योंग ने किया। मेसी द्वारा लिए गए कार्नर पर मार्टिन डेमिकेलिस ने फ्लिक किया और गेंद चू योंग के पैरों से टकराकर कोरियाई गोलपोस्ट में घुस गई।

इसके बाद अर्जेटीना ने कोरियाई गोलपोस्ट पर लगातार हमले जारी रखे। मेसी, हिग्वेन और तावेज ने कई बार गोल करने के प्रयास किए। 33वें मिनट में हिग्वेन ने तावेज द्वारा लिए गए फ्री-किक पर हेडर के जरिए गोल करके अपनी टीम को 2-0 की बढ़त दिला दी।

कोरियाई टीम में निराशा का भाव साफ दिख रहा था लेकिन इसके बावजूद उसने गोल करने की कोशिश नहीं छोड़ी। इसी का नतीजा था कि ली चूंग योंग ने इंजरी टाइम के पहले मिनट में गोल करके अपनी टीम को पहली सफलता दिलाई और स्कोर 2-1 पर ला दिया।

इसके बाद मानों अर्जेटीनी खिलाड़ियों ने बढ़त को मजबूत करने की कसम खा ली हो। वैसे तीसरा गोल करने के लिए उसे मध्यांतर के बाद 31 मिनट तक इंतजार करना पड़ा।

इस टीम ने अपना तीसरा गोल 76वें मिनट में किया था। यह गोल भी हिग्वेन के ही नाम रहा। हिग्वेन ने यह गोल लियोनेल मेसी और जोनास गुतिरेज की मदद से किया।

हिग्वेन ने इस सफलता से उत्साहित होकर अपना प्रयास तेज कर दिया। साथियों ने भी इस प्रयास में उनका भरपूर साथ दिया। इसी का नतीजा था कि अर्जेटीनी टीम 80वें मिनट में अपना चौथा गोल करने में सफल रही। यह गोल भी हिग्वेन के नाम रहा।

इस गोल के साथ हिग्वेन ने इस विश्व कप की पहली हैट्रिक पूरी की। स्पेन के क्लब रियल मेड्रिड के लिए खेलने वाले हिग्वेन को मैन ऑफ द मैच चुना गया। हिग्वेन ने सातवां मैच खेलते हुए अपना पांचवां अंतर्राष्ट्रीय गोल किया।

विश्व वरीयता क्रम में अर्जेटीना को सातवां स्थान प्राप्त है जबकि कोरियाई टीम को 47वीं वरीयता प्राप्त है। वैसे एशिया में दक्षिण कोरियाई टीम को तीसरी वरीयता प्राप्त है जबकि दक्षिण अमेरिकी देशों में अर्जेटीना को दूसरी वरीयता प्राप्त है।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Story first published: Tuesday, November 14, 2017, 12:38 [IST]
Other articles published on Nov 14, 2017
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+