फीफा विश्व कप : अमेरिका और स्लोवेनिया ने अंक बांटे (लीड-6)
मध्यांतर से पहले के खेल पर जहां स्लोवेनिया का दबदबा रहा वहीं मध्यांतर के बाद अमेरिकी टीम खुलकर खेली और इसी का नतीजा रहा कि वह 48वें और 82वें मिनट में किए गए गोलों की मदद से अपनी हार को टालने में सफल रही।
अमेरिका ने अपना दूसरा गोल 82वें मिनट में किया। माइकल ब्रैडले द्वारा किए गए इस गोल से अमेरिकी खेमे में खुशी की लहर दौड़ गई क्योंकि ब्रैडले के इस प्रयास ने अमेरिकी टीम को ग्रुप स्तर में पहली हार से बचा लिया। अमेरिका ने अपने पहले मुकाबले में इंग्लैंड को 1-1 की बराबरी पर रोका था।
ब्रैडले अमेरिकी टीम के कोच बॉब ब्रैडले के पुत्र हैं। इस तरह ब्रैडले अपने पिता की देखरेख में खेलते हुए फीफा विश्व कप में गोल करने वाले विश्व के पहले फुटबाल खिलाड़ी बने।
अमेरिका ने अपना पहला गोल 48वें मिनट में किया था। लेंडन डोनोवान ने शानदार मैदानी गोल करके अपनी टीम का खाता खोला था। वैसे मध्यांतर से पहले अमेरिकी टीम ने गोल करने के कई प्रयास किए थे लेकिन वह इसमें सफल नहीं हो सकी थी। डोनोवान को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरी ओर, विश्व कप में दूसरी बार हिस्सा ले रही स्लोवेनियाई टीम ने 13वें मिनट में मिडफील्डर वाल्टेर बिरसा द्वारा किए गए गोल की मदद से अपना खाता खोला था। बिरसा ने 30 मीटर की दूरी से दौड़ते हुए अमेरिकी गोलकीपर टिम हावर्ड को छकाकर यह गोल किया।
इसके बाद 42वें मिनट में स्लोवेनिया ने एक और गोल करके अपनी बढ़त को 2-0 कर लिया। यह गोल ज्लाटन जुबिजानकिक ने किया। इस तरह स्लोवेनिया की अग्रिम पंक्ति दूसरी बार अमेरिकी गोलकीपर हावर्ड को छकाने में सफल रही।
यह मैच जीतकर स्लोवेनिया अंतिम-16 दौर में पहुंचने वाली पहली यूरोपीय टीम बन सकती थी लेकिन अब उसे 23 जून को इंग्लैंड के साथ होने वाले अपने तीसरे ग्रुप मुकाबले पर ध्यान केंद्रित करना होगा। स्लोवेनिया ने अपने पहले मैच में अल्जीरिया को 1-0 से पराजित किया था।
स्लोवेनिया स्वतंत्र देश के तौर पर दूसरी बार विश्व कप में हिस्सा ले रहा है जबकि अमेरिका कुल नौंवी और लगातार छठी बार फुटबाल का शहंशाह बनने के लिए प्रयासरत है। दोनों देश पहली बार किसी अंतर्राष्ट्रीय मुकाबले में आमने-सामने थे।
युगोस्लाविया से अलग होने के बाद स्लोवेनिया ने पहली बार 2002 विश्व कप में हिस्सा लिया था लेकिन उसे अपने तीनों ग्रुप मैचों में हार मिली थी। अमेरिका को 2006 में जर्मनी में खेले गए विश्व कप में पहले दौर में ही हार का सामना करना पड़ा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications