ओबेरहाउसेन। आज कल पॉल ऑक्टोपस किसी भगवान से कम नहीं है। फीफा विश्व कप-2010 को लेकर सटीक भविष्यवाणियां करने वाला पॉल नाम का ऑक्टोपस दुनिया भर में सुपरस्टार बन गया है। इसकी लोकप्रियता इतनी बढ़ गई है कि स्पेन के शीर्ष राजनेताओं को इसकी सुरक्षा की चिंता सताने लगी है। फुटबाल खिलाड़ियों से लेकर प्रशंसकों तक और यहां तक कि राजनेताओं ने भी पॉल की 'सच्ची' भविष्यवाणियों पर ध्यान देना शुरू कर दिया है।
ऑक्टोपस बना खुदा
पॉल एक समय इंग्लैंड में रहा करता था लेकिन अब उसे ओबेरहाउसेन लाया जा चुका है। उसने स्पेन और जर्मनी के बीच खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले को लेकर बिल्कुल सटीक भविष्यवाणी की थी। यही नहीं, पॉल ने यह भी भविष्यवाणी की थी कि जर्मनी की टीम आस्ट्रेलिया, घाना, इंग्लैंड एवं अर्जेटीना के खिलाफ जीत जाएगी लेकिन स्पेन से उसे हार झेलनी पड़ेगी। स्पेन के मिडफील्डर जावी ओलोंसो ने कहा, "यह पॉल तो शानदार है और अजूबा है।"
पॉल को दुनिया भर की मीडिया ने बेहद लोकप्रिय बना दिया है। आस्ट्रेलियन टेलीविजन, सीएनएन, बीबीसी, वाशिंगटन पोस्ट, न्यूयार्क टाइम्स और दर्जनों खेल समाचार पत्रों ने पॉल की भविष्यवाणियों को सम्मानजनक स्थान दिया है। पॉल के नाम से 'ट्विटर' पर पल्पो पॉल नाम से एक एकाउंट खोला गया है, जिसके साथ अब तक हजारों लोग जुड़ चुके हैं। इसके अलावा फेसबुक पर भी पॉल के नाम से एक एकाउंट खुला है, जो काफी लोकप्रिय हो चुका है।
बाबा की भविष्यवाणी सही
अब सबकी नजरें इस बात पर हैं कि पॉल स्पेन और हॉलैंड के बीच खेले जाने वाले खिताबी मुकाबले का विजेता किसे घोषित करता है।पॉल को नियंत्रित करने वाले शुक्रवार को भारतीय समयानुसार 2.30 बजे यह बताने के लिए दुनिया के सामने आएंगे कि शनिवार को जर्मनी और उरुग्वे के बीच खेले जाने वाले तीसरे स्थान के प्लेऑफ मुकाबला का विजेता कौन होगा। इसके बाद पॉल शनिवार को खिताबी मुकाबले को लेकर भविष्यवाणी करेगा। स्पेन और हॉलैंड के खिलाड़ी तथा प्रशंसक पॉल की भविष्यवाणी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।