Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block

गॉल टेस्ट : श्रीलंका जीत और मुरली 800 विकेटों के करीब (राउंडअप)

बुधवार को फेंकी गई अंतिम गेंद पर युवराज सिंह का विकेट चटकाने के साथ अपने करियर का आखिरी टेस्ट मैच खेल रहे स्टार स्पिनर मुथैया मुरलीधरन ने श्रीलंकाई टीम को मजबूत स्थिति में लाकर खड़ा कर दिया। आधी भारतीय टीम के पेवेलियन लौटने के बाद अब श्रीलंकाई टीम की नजरें पांचवें दिन के पहले सत्र पर टिकी हैं।

टीम इंडिया श्रीलंका की पहली पारी के योग से अब भी 63 रन पीछे है। दिन का खेल खत्म होने तक वी.वीएस. लक्ष्मण नौ रन बनाकर नाबाद लौटे जबकि अगले बल्लेबाज के नाम की घोषणा अभी नहीं हुई। संभवत: वह कप्तान महेंद्र सिंह धौनी होंगे, जिन पर पांचवें दिन हार टालने की बहुत बड़ी जिम्मेदारी होगी। बारिश और बल्लेबाजों की संघर्षशक्ति ही भारत को हार से बचा सकती है। दूसरा और कोई रास्ता धौनी की टीम के लिए नहीं बचा है।

कुल 181 रन के कुल योग पर युवराज (5) का विकेट मुरलीधरन ने लिया। इस तरह मुरली ने टेस्ट क्रिकेट में अपने कुल विकेटों की संख्या 798 कर ली है। दूसरी पारी में लसिथ मलिंगा ने तीन भारतीय बल्लेबाजों को आउट किया जबकि चमारा वेलेगेदारा ने एक सफलता हासिल की।

मुरली ने मैच से पहले कहा था कि वह 800 टेस्ट विकेटों के साथ विदाई चाहेंगे। इस क्रम में उनके साथियों ने जहां उनका साथ दिया था वहीं धौनी ने कहा था कि उनके बल्लेबाजों का प्रयास मुरली को इस रिकार्ड तक पहुंचने से रोकना होगा। पहली पारी में पांच विकेट लेकर मुरली ने धौनी के दावों को झुठला दिया और अब दूसरी पारी में एक विकेट लेकर उन्होंने अपने दावे को और मजबूत किया है। मुरली को 800 विकेटों का जादुई आंकड़ा छूने के लिए अब सिर्फ दो विकेटों की जरूरत है।

बहरहाल, अर्धशतक लगाकर टीम को मजबूती देने का प्रयास करने वाले सचिन तेंदुलकर चौथे बल्लेबाज के तौर पर पेवेलियन लौटे। तेंदुलकर का विकेट 172 रन के कुल योग पर गिरा। पहली पारी में मात्र आठ रन के व्यक्तिगत योग पर मुरली को अपना विकेट थमाने वाले तेंदुलकर ने 142 गेंदों पर 11 चौकों और एक छक्के की मदद से 85 रन बनाए। भारत का तीसरा विकेट राहुल द्रविड़ के रूप में गिरा।

द्रविड़ ने 152 गेंदों की अपनी ठोस पारी के दौरान तीन चौकों की सहायता से 44 रन बनाए। उन्होंने तेंदुलकर के साथ तीसरे विकेट के लिए 119 रन जोड़े। भारत ने चायकाल तक दो विकेट खोकर 68 रन बनाए थे। उस दौरान भारतीय टीम ने अपनी सलामी जोड़ी गौतम गंभीर और वीरेंद सहवाग के विकेट गंवाए थे।

गंभीर (0) पहली पारी की अपनी नाकामी की कहानी को दोहराते हुए लसिथ मलिंगा की गेंद पर विकेट के पीछे प्रसन्ना जयवर्धने के हाथों लपके गए। पहली पारी में शतक लगाने वाले सहवाग ने 31 रन बनाए। उन्हें चमारा वेलेगेदारा ने जयवर्धने के हाथों कैच कराया।

इससे पहले, श्रीलंकाई गेंदबाजों ने मुरलीधरन के नेतृत्व में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम को फॉलोऑन को मजबूर किया। श्रीलंका की पहली पारी के स्कोर आठ विकेट पर 520 (घोषित) के जवाब में भारतीय टीम पहली पारी में 276 रन ही बना सकी। पहली पारी में मुरलीधरन ने सर्वाधिक पांच विकेट लिए जबकि लसित मलिंगा को दो तथा चमारा वेलेगेदारा तथा रंगना हेराथ को एक-एक सफलता मिली।

मुरली ने 67वीं बार टेस्ट मैचों में पारी में पांच विकेट लिए हैं। प्रज्ञान ओझा का विकेट लेने के साथ उन्होंने भारत के खिलाफ टेस्ट मैचों में 100 विकेट पूरे किए। ऐसा करने वाले वह दुनिया के एकमात्र गेंदबाज हैं।

चौथे दिन का मुख्य आकर्षण मुरली के पांच विकेटों के अलावा पहली पारी में भारतीय सलामी बल्लेबाज सहवाग का शतक भी रहा। तीसरे दिन 85 रन पर नाबाद लौटे सहवाग ने 118 गेंदों पर 19 चौकों और एक छक्के की मदद से 109 रनों की पारी खेली। यह उनके करियर का 20वां शतक है।

तीसरे दिन 18 रन पर नाबाद लौटने वाले लक्ष्मण कुछ खास नहीं कर सके और 22 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद युवराज (52) और कप्तान धौनी (33) ने आकर्षक पारी खेलकर 74 रनों की साझेदारी निभाई और भारत को मुश्किल से उबारने का प्रयास किया लेकिन मुरली ने दोनों को आउट कर अपनी टीम का काम आसान कर दिया। हरभजन सिंह दो रन बना सके। ईशांत शर्मा पांच रन बनाकर नाबाद लौटे जबकि ओझा ने तीन और अभिमन्यु मिथुन ने आठ रन बनाए।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Story first published: Tuesday, November 14, 2017, 12:41 [IST]
Other articles published on Nov 14, 2017
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+