विश्व कप डायरी
पंकज प्रियदर्शी
बीबीसी संवाददाता, दक्षिण अफ़्रीका से
विश्व कप के पहले ही मैच में चार गोल मारकर जीत हासिल करने वाली जर्मनी की टीम को उनके कोच ने चेताया है. रविवार को ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ मैच में जर्मनी ने बेहतरीन फ़ुटबॉल का प्रदर्शन किया.
ऑस्ट्रेलिया की टीम उनके सामने बच्चा नज़र आ रही थी. सब कुछ ठीक रहता तो जर्मनी की टीम आठ लोग भी मार सकती थी. लेकिन जीत के जश्न में टीम को कोच जोकिम लो की सलाह भी है.
उन्होंने कहा है कि अभी टीम को लंबा सफ़र तय करना है, इसलिए जीत का जश्न तो मने लेकिन होश में. इस जीत को लेकर बहुत उत्साहित होने की आवश्यकता नहीं है.
जोकिम लो का कहना है कि टीम को अपनी जीत का सिलसिला बनाए रखना होगा, तभी वे प्रतियोगिता में आगे तक जा सकते हैं.
वुवुज़ेला से बचाओ
दक्षिण अफ़्रीका में विश्व कप के बढ़ते खुमार के बीच ख़ास तरह के वाद्य यंत्र वुवुज़ेला की मांग बढ़ती जा रही है. हर चौक चौराहे पर इसे बेचने वालों की संख्या में हर दिन बढ़ोत्तरी हो रही है. मैच वाले दिन को इसकी मांग इतनी होती है कि पूछिए मत
एक ओर जहाँ दक्षिण अफ़्रीका में यह फ़ुटबॉल के जुनून को प्रदर्शित करने का माध्यम बन गया है, वहीं कई खिलाड़ी इससे परेशान है. वुवुज़ेला की तेज़ ध्वनि उन्हें नागवार गुज़र रही है.
इन्हीं खिलाड़ियों में से एक हैं पुर्तगाल के स्टार स्ट्राइकर क्रिस्टियानो रोनाल्डो. हालाँकि समस्या ये है कि वे इस मामले में कुछ कर भी नहीं सकते. दक्षिण अफ़्रीका में विश्व कप के दौरान उन्हें इसकी आदत डालनी होगी.
हाँ, ये अलग है कि पुर्तगाल जल्दी ही प्रतियोगिता से बाहर हो गए, तो उन्हें इससे छुटकारा मिल सकता है. रोनाल्डो कहते हैं कि वुवुज़ेला की तेज़ ध्वनि के कारण खेल के दौरान ध्यान बँटता है.
रोनाल्डो के साथ-साथ अर्जेंटीना के स्टार खिलाड़ी मेसी ने भी इस पर सवाल उठाए हैं.
ग्रीन बने विलेन
खेल प्रतियोगिताएँ ऐसी होती हैं, जिनमें आप चल गए तो हीरो बन जाएँगे अगर नहीं तो विलेन. और मौक़ा जब विश्व कप फ़ुटबॉल जैसे आयोजन का हो, तो एक चूक आपके प्रशंसकों को सबसे बड़ा आलोचक बना देती है.
यही हुआ है इंग्लैंड के गोलकीपर रॉबर्ट ग्रीन के साथ. अमरीका के ख़िलाफ़ मैच में ग्रीन ने भयंकर भूल की, नतीजा मैच जीत रही इंग्लैंड की टीम को ड्रॉ से ही संतोष करना पड़ा.
ग्रीन को घरेलू लोगों के ग़ुस्से का सामना करना पड़ रहा है, जो अपना कामकाज छोड़कर अमरीका के ख़िलाफ़ मैच के लिए जगह-जगह इकट्ठा हुए थे. ग्रीन की ग़लती पर सिर पीट रहे लोगों की नाराज़गी तो समझ में आती है, लेकिन ब्रितानी अख़बार भी उनके पीछे हाथ धोकर पड़ गए हैं.
एक अख़बार ने तो कोच फ़ेबियो कपेलो से अपील तक कर दी है कि वे ग्रीन को टीम सेढ़ तुरंत हटाए, तो एक अख़बार ने इस मैच के बाद विश्व कप में इंग्लैंड के प्रदर्शन पर ही सवाल उठा दिए हैं.
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
