फीफा विश्व कप : 'गोल्डन बॉल' और 'गोल्डन बूट' का फैसला करीब
सॉकर सिटी स्टेडियम में स्पेन और हॉलैंड की टीमों के बीच खेले जाने वाले खिताबी मुकाबले के बाद फुटबाल की शीर्ष संस्था फीफा द्वारा इसकी घोषणा की जाएगी।
'गोल्डन बूट' की दौड़ में स्पेन की राष्ट्रीय फुटबाल टीम के स्टार स्ट्राइकर डेविड विला, तीसरी बार फाइनल में पहुंची हॉलैंड टीम के दिग्गज प्लेमेकर वेस्ले श्नाइडर और जर्मनी के युवा खिलाड़ी थॉमस मुलर का नाम सबसे आगे चल रहा है। विला, मुलर और श्नाइडर ने अब तक कुल पांच-पांच गोल किए हैं।
इस सूची में उरुग्वे के स्ट्राइकर डिएगो फोर्लान, अर्जेटीना के गोंजालो हिग्वेन, स्लोवाकिया के राबर्ट विट्टेक और जर्मनी के दिग्गज खिलाड़ी मिरोस्लाव क्लोज चार-चार गोलों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। हिग्वेन के नाम इस विश्व कप की एकमात्र हैट्रिक दर्ज है।
उरुग्वे के लुइस सुआरेज, घाना के असोमह ग्यान, ब्राजील के लुइस फेबियानो और अमेरिका के लेंडन डोनोवान तीन-तीन गोलों के साथ इस दौड़ में तीसरे स्थान पर हैं। इसके अलावा 15 खिलाड़ी ऐसे हैं, जिन्होंने विश्व कप में दो-दो गोल किए हैं। 72 खिलाड़ियों के नाम एक-एक गोल दर्ज हैं।
'गोल्डन बॉल' पुरस्कार के लिए 10 खिलाड़ियों का नामांकन किया गया है। इसके लिए खिलाड़ियो का चयन जीन पॉल ब्रीगर की अध्यक्षता वाले फीफा के टेक्निकल स्टडी ग्रुप और कालूसा ब्वाल्या, क्रिस्टियन कारेम्ब्यू, जोमो सोना और गेरार्ड हाउलियर जैसे फुटबाल विशेषज्ञों ने किया।
नामांकित खिलाड़ी :
1. डिएगो फोर्लान (उरुग्वे)
2. असोमह ग्यान (घाना)
3. आंद्रेस इनेस्ता (स्पेन)
4. लियोनेस मेसी (अर्जेंटीना)
5. मेसुत ओएजिल (जर्मनी)
6. अर्जेन रोबेन (हॉलैंड)
7. बास्तियन स्वेनस्टेगर (जर्मनी)
8. वेस्ले श्नाइडर (हॉलैंड)
9. डेविड विला (स्पेन)
10. जावी (स्पेन)
'गोल्डन बॉल' किस खिलाड़ी को मिलेगा, इस बात का फैसला विश्व कप कवर करने वाले मान्यता प्राप्त पत्रकारों के मतों के आधार पर किया जाएगा। इस श्रेणी में तीन खिलाड़ियों के नामों की घोषणा 11 जुलाई को होगी, जिन्हें गोल्डन, सिल्वर और ब्रांज बॉल पुरस्कारों से नवाजा जाएगा।
इससे पहले, 1982 में इटली के पाब्लो रेस्सी, 1986 में अर्जेंटीना के डिएगो मैराडोना, 1990 में इटली के साल्वाटोर शिलाची, 1994 में ब्राजील के रोमारियो, 1998 में ब्राजील के रोनाल्डो, 2002 में जर्मनी के ओलिवर कान और 2006 में फ्रांस के जिनेदिन जिदान को इस सम्मान से नवाजा जा चुका है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications