महिला हॉकी टीम विश्व कप के लिए तैयार
चण्डीगढ़, 21 अगस्त (आईएएनएस)। खिलाड़ियों के उत्पीड़न के मामले में सुर्खियों में रही महिला हॉकी टीम अब नए कोच के नेतृत्व में अर्जेटीना में होने जा रहे विश्व कप मुकाबले के लिए पूरी तरह से तैयार है।
टीम के कोच संदीप सोमेश की मौजूदगी में पटियाला के राष्ट्रीय खेल संस्थान में टीम का एक सप्ताह तक चला प्रशिक्षण कार्यक्रम शुक्रवार को खत्म हुआ।
शुक्रवार को अर्जेटीना के रोसारियो रवाना होने से पहले सोमेश ने आईएएनएस से कहा, "विश्वकप एक बड़ा मुकाबला है और हमें अचानक किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं करना चाहिए। फिलहाल हमारी विश्व रैंकिंग 13 है और हम इस विश्वकप में हॉलैंड, ऑस्ट्रेलिया और जर्मनी जैसी मजबूत टीमों के समूह में हैं।"
सोमेश 1998 में एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली टीम के सदस्य थे। रंजीता देवी द्वारा टीम के मुख्य कोच एम. के. कौशिक पर उत्पीड़न का आरोप लगाए जाने के बाद कौशिक ने इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद सोमेश ने कमान संभाली।
विवाद से उबरना टीम के लिए बड़ी चुनौती थी। उन्होंने कहा, "खिलाड़ियों पर काफी दबाव है लेकिन वह अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करेंगे। हम किसी एक स्तर पर रुक नहीं सकते हमें लगातार आगे बढ़ना होगा।"
सोमेश ने उम्मीद जताई कि विश्वकप में टीम का प्रदर्शन बेहतर रहेगा।
उन्होंने कहा, "टीम के लिए यह महत्वपूर्ण दौरा है। हमारे खिलाड़ियों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन का एक और मौका मिलेगा इससे उनके प्रदर्शन में सुधार होगा। हाल ही में समाप्त हुए प्रशिक्षण में हमने अपनी कमियों को दूर करने का प्रयास किया है।"
दिल्ली में अक्टूबर में होने जा रहे राष्ट्रमंडल खेलों के लिए टीम की तैयारियों के बारे में उन्होंने कहा, "दिल्ली में हमें घरेलू मैदान पर खेलने का फायदा मिलेगा। साथ ही यहां के लोगों की उम्मीदों का दबाव भी काफी रहेगा। पूरी टीम एकजुटता से प्रदर्शन कर रही है, टीम भावना मजबूत है जिससे खेल के दौरान मदद मिलेगी।"
वर्ष 2002 और 2006 के राष्ट्रमंडल खेलों में महिला हॉकी टीम ने स्वर्ण और रजत पदक जीते थे।
भारतीय कप्तान सुरिन्दर कौर ने उम्मीद जताई कि विश्व कप और राष्ट्रमंडल दोनों खेलों में हमें अच्छे परिणाम मिलेंगे।
कौर ने कहा, "हमारे पास अनुभवी और युवा खिलाड़ियों के बेहतर समन्वय वाली टीम है। मैं इस टीम की तैयारियों से पूरी तरह संतुष्ट हूं। अगली दोनों प्रतियोगिताओं में हमें अच्छे परिणाम की उम्मीद है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications