मुंबई में रविवार को आयोजित आईपीएल की कार्यकारिणी की बैठक में इस बात का फैसला किया गया। आईपीएल-4 में कुल 10 टीमों को हिस्सा लेना है। आईपीएल-3 में आठ टीमों ने हिस्सा लिया था जबकि अगले वर्ष इस आयोजन में कोच्ची और पुणे फ्रेंचाइजी टीमें भी हिस्सा लेंगी।
आईपीएल-4 का आयोजन भारत, बांग्लादेश और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होने वाले विश्व कप (50 ओवर) के पांच दिन के बाद शुरू होगा। विश्व कप की शुरुआत 19 फरवरी को होगी जबकि इसका फाइनल दो अप्रैल को खेला जाएगा। कार्यकारिणी ने फैसला किया है कि आईपीएल के पांचवें, छठे और सातवें संस्करण में भी यही नियम लागू रहेंगे।
इस लिहाज से आईपीएल के अगले संस्करण की शुरुआत सात अप्रैल से होगी। इसके अंतर्गत कुल 74 मैच खेले जाएंगे। प्रत्येक टीम को कुल 14 मैच खेलने हैं। इनमें से सात गृह मैदान पर होंगे जबकि शेष बाहर खेले जाएंगे। इस तरह 10 टीमों के बीच कुल 70 मैच होंगे। चार मैच प्ले-ऑफ होंगे। 10 टीमों को पांच-पांच के दो ग्रुप में विभाजित किया गया है।
आईपीएल-4 की नीलामी में शामिल होने के लिए टीमों को 90 लाख डॉलर की सुरक्षित राशि खर्च करने की इजाजत दी गई है जबकि आईपीएल-3 के लिए यह राशि 70 लाख डॉलर थी। चार खिलाड़ियों को अपने साथ बनाए रखने के बदले हालांकि फ्रेंचाइजी टीमों को अच्छी खासी रकम खर्च करनी होगी।
नियम के मुताबिक पहले खिलाड़ी के बदले फ्रेंचाइजी टीमों को 18 लाख डॉलर, दूसरे खिलाड़ी के बदले 13 लाख डॉलर, तीसरे खिलाड़ी के बदले नौ लाख डॉलर और चौथे खिलाड़ी के बदले पांच लाख डॉलर खर्च करने होंगे। यह राशि आयोजन समिति के खाते में जाएगी।
एक सत्र में चार खिलाड़ियों को अपने पास रखने के बदले किसी फ्रेंचाइजी टीम को कुल 45 लाख डॉलर आयोजन समिति को देने पड़ सकते हैं। ऐसे में उसके पास 45 लाख डॉलर ही शेष रह जाएंगे और अगर एक टीम किसी खिलाड़ी को अगले सत्र के लिए अपने साथ नहीं रखती है और नए सिरे से बोली के लिए आगे आती है तो उसके पास 90 लाख डॉलर खर्च करने के लिए होंगे।
आईपीएल-4 में हिस्सा लेने जा रहीं पुणे और कोच्ची टीमों के मालिकों से कहा गया है कि वे भी अपने साथ उन चार खिलाड़ियों को रख सकते हैं, जो उनकी सूची में शामिल हैं और साथ ही जिन्होंने पहले से खेल रहीं आठ टीमों के लिए अब तक एक भी मैच नहीं खेला हो। नीलामी से पहले खिलाड़ियों को अपने साथ रखने की सूचना देने के बाद नई टीमों को भी उसी आधार पर भुगतान करना होगा, जो आधार पुरानी टीमों के लिए तय किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।