ट्वेंटी-20 की हार से सबक लेकर नेपियर में उतरेगी भारतीय टीम
अपने 47 दिवसीय दौरे की शुरुआत में खेले गए दो ट्वेंटी-20 मैचों में मिली हार के बाद भारतीय टीम सावधान होकर मैदान में उतरेगी। कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने भरोसा जताया है कि उनके युवा खिलाड़ी ट्वेंटी-20 श्रृंखला में मिली हार से सबक लेकर बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
दौरे में कोई अभ्यास मैच नहीं खेलने के कारण भारतीय टीम को ट्वेंटी-20 से सीधे 50-50 क्रिकेट में ढलने में दिक्कत हो सकती है लेकिन कप्तान धौनी ने कहा है कि उनके खिलाड़ी माहौल के हिसाब से खुद को ढालने की कला से अच्छी तरह वाकिफ हैं।
मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर एकदिवसीय मैचों के लिए टीम में लौट आए हैं। वह ट्वेंटी-20 मुकाबलों में नहीं खेले थे। धौनी ने कहा है कि तेंदुलकर के टीम में आने से खिलाड़ियों का मनोबल काफी ऊंचा हो गया है।
हमेशा की तरह भारतीय पारी की शुरुआत तेंदुलकर और वीरेंद्र सहवाग करेंगे। ट्वेंटी-20 मैचों में नाकाम रहे विशेषज्ञ सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर तीसरे क्रम पर उतरेंगे लेकिन उन्हें काफी सावधान होकर खेलना होगा क्योंकि क्राइस्टचर्च और वेलिंग्टन में खेले गए पहले दो मुकाबलों में वह जल्दबाजी में अपना विकेट गंवा बैठे थे।
गेंदबाजी में ईशांत शर्मा को आराम दिया जा रहा है। भारतीय कप्तान ने कहा है कि ईशांत पूरी तरह फिट नहीं हैं, लिहाजा उन्हें खिलाकर श्रृंखला की शुरुआत में किसी तरह का जोखिम नहीं लिया जा सकता।
ईशांत की गैरमौजूदगी मेंभारतीय आक्रमण की जिम्मेदारी मुख्य रूप से जहीर खान, प्रवीन कुमार, हरभजन सिंह, इरफान पठान और मुनाफ पटेल पर होगी। हालांकि मुनाफ और प्रवीन में किसी एक को ही अंतिम ग्यारह में जगह मिल सकेगी।
जहां तक न्यूजीलैंड की बात है तो ट्वेंटी-20 श्रृंखला जीतने के बाद उसके हौसले बुलंद हैं। उसके बल्लेबाज अच्छी लय में हैं और गेंदबाजों ने पहले दो मुकाबलों में अपनी टीम को शुरुआती सफलता दिलाई है।
इस लिहाज से न्यूजीलैंड का पलड़ा थोड़ा भारी नजर आ रहा है लेकिन कद और प्रदर्शन के लिहाज से उसके लिए भारत को हरा पाना आसान नहीं होगा।
न्यूजीलैंड ने नेपियर में अब तक 29 मैच खेले हैं, जिसमें से 18 में उसकी जीत हुई है जबकि नौ में उसे हार का सामना करना पड़ा है। दो मैच टाई रहे हैं।
वर्ष 2005 के बाद से न्यूजीलैंड ने इस मैदान पर छह मैच खेले हैं, जिसमें से तीन में उसकी जीत हुई है जबकि इतने ही मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा है।
न्यूजीलैंड टीम : जेसी राइडर, ब्रेंडन मैक्लम, मार्टिन गुपटिल, रॉस टेलर, जैकब ओराम, नील ब्रूम, ग्रांट इलियट, डेनियल विटोरी, केइल मिल्स, इयान बटलर, इयान ओ' ब्रायन और टिम साउथी।
भारतीय टीम : वीरेंद्र सहवाग, सचिन तेंदुलकर, गौतम गंभीर, युवराज सिंह, सुरेश रैना, महेंद्र सिंह धौनी, यूसुफ पठान, इरफान पठान, हरभजन सिंह, प्रवीन कुमार, जहीर खान और मुनाफ पटेल।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications