मेहमान टीम ने दो रन के कुल योग पर अपना पहला विकेट गंवाया था। उसे पहला झटका ग्रांट इलियट के रूप में लगा था। नेथन मैक्लम की जगह टीम में शामिल किए गए इलियट खाता खोले बगैर लसिथ मलिंगा की गेंद पर चनाका कापूगेदारा के हाथों लपके गए थे।
इसके बाद हरफनमौला खिलाड़ी एंजेलो मैथ्यूज ने 47 रन के कुल योग पर ही एक के बाद एक कप्तान रॉस टेलर और केन विलियमसन को चलता करके कीवी टीम को जोरदार झटका दिया।
टेलर ने 34 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 16 रन बनाए जबकि विलियमसन खाता भी नहीं खोल सके। विलियमसन भारत के खिलाफ पहले मुकाबले में भी खाता नहीं खोल सके थे। वह अपने करियर के दो शुरुआती मैचो में शून्य पर आउट हुए हैं।
बहरहाल, खराब शुरुआत के बावजूद कीवी टीम ने 11 ओवर की समाप्ति तक तीन विकेट खोकर 47 रन बना लिए हैं। स्कॉट स्टायरिश ने खाता नहीं खोला है जबकि बीजे वॉटलिंग ने 27 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 29 रन बनाए हैं।
कीवी टीम के कप्तान टेलर ने भारत के खिलाफ पहले मुकाबले में भी टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। उस मैच में भी कीवी टीम ने खराब शुरूआत की थी लेकिन टेलर और स्टायरिश की शानदार पारियों की बदौलत उसने अच्छा स्कोर हासिल किया था।
कीवी टीम ने वह मैच 200 रनों से जीता था। उस मैच से कीवी टीम ने दो बोनस अंक भी हासिल किए थे। कीवी टीम ने इस मैच के लिए दो परिवर्तन किए हैं। चोटिल जैकब ओरम मैदान से बाहर हैं। उनका स्थान टिम साउदी ने लिया है जबकि मैक्लम के स्थान पर इलियट को खेलने का मौका दिया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।