फीफा विश्व कप : दक्षिण अफ्रीका फुटबाल के महाकुंभ के लिए तैयार
नई दिल्ली, 10 जून (आईएएनएस)। विश्व के सबसे लोकप्रिय खेल आयोजनों में से एक फीफा विश्व कप-2010 के लिए दक्षिण अफ्रीका में तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। शुक्रवार से होने वाले इस 'महाकुंभ' में 32 देश शिरकत करेंगे।
विश्व कप के अंतर्गत कुल 64 मैच खेले जाने हैं और इनका आयोजन नौ शहरों के 10 आयोजन स्थलों पर होना है। मौजूदा चैम्पियन इटली जहां खिताब की रक्षा के लिए मैदान में उतरेगा वहीं इस बार पांच बार के चैम्पियन ब्राजील, इंग्लैंड, अर्जेटीना, फ्रांस, जर्मनी और स्पेन को खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा है।
विश्व कप का उद्घाटन समारोह 11 जून को जोहांसबर्ग के सॉकर सिटी स्टेडियम में होगा। उद्घाटन समारोह के बाद विश्व कप का पहला मैच मेजबान दक्षिण अफ्रीका और मेक्सिको के बीच खेला जाएगा। भारत में इस मैच का सीधा प्रसारण शाम साढ़े सात बजे से होना है।
विश्व कप के लिए लगभग 28 लाख टिकट बेचे गए हैं जबकि दुनिया भर में साढ़े तीन अरब से अधिक लोग अपने-अपने घरों में बैठकर टेलीविजन पर इसके मैचों का लुत्फ उठाएंगे। भारत में फीफा विश्व कप का प्रसारण ईएसपीएन-स्टार स्पोर्ट्स पर होना है। वैसे इसका प्रसारण दूरदर्शन पर भी होगा।
उद्घाटन समारोह के दौरान कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों के सॉकर सिटी स्टेडियम पहुंचने के आसार हैं। इसके अलावा पॉप गायिका शकीरा सहित अन्य नामचीन कलाकार अपनी कला से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। इस महाआयोजन के लिए सॉकर सिटी स्टेडियम में एक लाख के करीब लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।
विश्व कप में हिस्सा लेने वाली 32 टीमों को चार-चार के आठ समूहों में विभाजित किया गया है। ग्रुप-ए में दक्षिण अफ्रीका के साथ मेक्सिको, फ्रांस और उरुग्वे की टीमें हैं जबकि ग्रुप-बी में अर्जेटीना, दक्षिण कोरिया, ग्रीस और नाइजीरिया की टीमें हैं।
ग्रुप-सी में दो बार खिताब जीतने वाले इंग्लैंड को अल्जीरिया, स्लोवानिया और अमेरिका के साथ रखा गया है। वायने रूनी और स्टीवन गेरहार्ड जैसे दिग्गज खिलाड़ियों से लैस फेबियो कापेलो की इंग्लिश टीम को इस बार खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा है।
ग्रुप-डी सजा है पूर्व चैम्पियन जर्मनी, सर्बिया, अफ्रीका देश घाना और एशिया-ओसेनिया के प्रतिनिधि आस्ट्रेलिया से। जर्मनी टीम इस ग्रुप में सबसे ताकतवर है लेकिन सर्बिया को उलटफेर का उस्ताद माना जाता है।
ग्रुप-ई में हॉलैंड, जापान, कैमरून और डेनमार्क को रखा गया है। यह ग्रुप काफी रोचक है क्योंकि सभी टीमें क्षमता के लिहाज से लगभग बराबरी का हैसियत रखती हैं। एशियाई फुटबाल प्रेमियों की जापान के प्रदर्शन पर खास नजर होगी।
ग्रुप-एफ में मौजूदा चैम्पियन इटली को न्यूजीलैंड, स्लोवाकिया और पराग्वे के साथ रखा गया है। इटली के सामने खिताब बचाने की चुनौती है क्योंकि खुद कोच लिप्पी स्वीकार कर चुके हैं कि उनकी टीम को कभी भी खिताब का दावेदार नहीं माना गया है।
ग्रुप-जी में चेल्सी के स्टार स्ट्राइकर दिदिर द्रोगबा की कप्तानी वाली आइवरी कोस्ट की टीम को पांच बार के चैम्पियन ब्राजील, यूरोपीय पावरहाउस पुर्तगाल और 1966 के बाद पहली बार विश्व कप में शिरकत कर रहे उत्तर कोरिया के साथ रखा गया है। इस ग्रुप के भी मैच रोचक होंगे।
ग्रुप-एच में होंडूरास को यूरोपीयन चैम्पियन स्पेन, चिली और स्विट्जरलैंड के साथ रखा गया है। इस ग्रुप में स्पेन निसंदेह सबसे मजबूत टीम है लेकिन वह फिलहाल अपने खिलाड़ियों की चोट से परेशान है।
आठ ग्रुपों से दो-दो टीमें दूसरे दौर में प्रवेश करेंगी और फिर सभी के बीच नॉकआउट दौर के मैच खेले जाऐगे। एक महीने तक चलने वाले इस महाआयोजन के दौरान ग्रुप दौर के मैच 11 जून से 26 जून तक खेले जाने हैं। इसके बाद 26 से 30 जून तक अंतिम-16 दौर के मैच ख्रेले जाएंगे। क्वार्टर फाइनल मैचों का दौर 2 जुलाई से शुरू होगा और फिर सेमीफाइनल छह और सात जुलाई को खेले जाएंगे। फाइनल 11 जुलाई को सॉकर सिटी स्टेडियम में ही खेला जाएगा।
ये मैच केपटाउन के ग्रीन प्वाइंट स्टेडियम, डरबन के डरबन स्टेडियम, जोहांसबग के एलिस पार्क स्टेडियम और सॉकर सिटी स्टेडियम, मैंगुआंग/ब्लोमफोंटेन के फ्री स्टेट स्टेडियम, नेल्सन मंडेला बे/पोर्ट एलिजाबेथ के नेल्सन मंडेला बे स्टेडियम, नेल्सप्रूईट के बोम्बेला स्टेडियम, पोलोक्वे के पीटर मोकाबा स्टेडियम, रस्टेनबर्ग के रॉयल बाफोकेंग स्टेडियम तथा त्श्वान/प्रीटोरिया के लोफ्ट्स वर्सफील्ड स्टेडियमों में खेले जाने हैं।
विश्व कप में हिस्सा ले रहे 32 देशों में से सर्वाधिक प्रशंसक अमेरिका के हैं क्योंकि हिस्सा लेने वाले देशों में सर्वाधिक जनसंख्या अमेरिका की ही है। अमेरिकी टीम के लिए 30.7 करोड़ लोग ईश्वर से खिताबी जीत की दुआ करने के साथ-साथ अपने खिलाड़ियों की हौसलाअफजाई करेंगे।
इस क्रम में दूसरा सबसा बड़ा देश ब्राजील है, जिसके लिए 19.8 करोड़ लोग दुआ करेंगे। विश्व कप में शिरकत करने वाले देशों में सबसे कम जनसंख्या स्लोवानिया की है। यह यूरोपीय देश पहली बार विश्व कप में हिस्सा ले रहा है और इसके लिए 20 लाख लोग जीत की दुआ करेंगे।
ब्राजील एकमात्र ऐसा देश है, जिसने विश्व कप के सभी 18 संस्करणों में हिस्सा लिया है। जर्मनी और इटली की टीमों ने 16-16 संस्करणों में शिरकत किया है। ब्राजील और जर्मनी ने सर्वाधिक 92-92 मैच खेले हैं। ब्राजील ने इनमें से 64 में जीत हासिल की है।
यही कारण है कि ब्राजील की टीम ने अब तक पांच बार इस महाआयोजन में खिताबी जीत हासिल की है। उसके नाम 18 संस्करणों में सर्वाधिक 201 गोल करने का रिकार्ड है। यही नहीं, उसने सबसे अधिक 206 अंक भी बटोरे हैं।
विश्व कप में सबसे तेज गोल करने का रिकार्ड तुर्की के खिलाड़ी हाकन सुकर के नाम है। सुकर ने 2002 में दक्षिण कोरिया के खिलाफ खेले गए तीसरे स्थान के प्ले-ऑफ मुकाबले में मात्र 11 सेकेंड में गोल ठोक दिया था। तुर्की ने यह मैच 3-2 से जीता था।
मेजबान के तौर पर विश्व कप के उद्घाटन मैचों में सबसे बड़ी जीत हासिल करने का रिकार्ड इटली के नाम है। इटली ने 1934 में अपने घर में खेले गए विश्व कप के पहले मुकाबले में अमेरिका को 7-1 से पराजित किया था।
मध्य अमेरिकी देश मेक्सिको को अब तक सर्वाधिक पांच बार विश्व कप का उद्घाटन मैच खेलने के लिए चुना गया है। इस बार भी मेक्सिको को पहला मैच खेलना है। उसकी भिड़ंत 11 जून को जोहांसबर्ग के सॉकर सिटी स्टेडियम में मेजबान दक्षिण अफ्रीका के साथ होना है। फीफा विश्व कप-2010 में स्लोवानिया ही एकमात्र ऐसा देश है, जो पहली बार विश्व कप खेल रहा है।
इससे पहले 1950 में इंग्लैंड ने पहली बार विश्व कप में हिस्सा लेने वाले देश की हैसियत से शिरकत की थी। बाकी के सभी संस्करणों में कम से कम दो देशों ने इस हैसियत से हिस्सा लिया था। विश्व कप के उद्घाटन मैचों में हिस्सा लेने वाली मेजबान टीमों को अब तक एक बार भी हार नहीं मिली है। अब तक ऐसे सात वाकये हुए हैं लेकिन मेजबान अपनी साख बचाने में सफल रहे हैं।
इटली 1934, स्वीडन 1958, चिली 1962 और जर्मनी ने 2006 में अपने पहले मैच में जीत हासिल की थी। दो मैच ऐसे भी हुए हैं, जिनमें मेजबान देश को ड्रॉ से संतोष करना पड़ा है। 1966 में इंग्लैंड को उरुग्वे के खिलाफ और 1970 में मेक्सिको को सोवियत संघ के खिलाफ गोलरहित ड्रॉ खेलना पड़ा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications