ऐसे समय में जबकि दिल्ली कॉमनवेल्थ खेलों की तैयारी को लेकर अंत-अंत तक संदेह बने हुए हैं, चीन का ग्वांज़ो शहर नवंबर में होनेवाले एशियाड के लिए खेलों से दो महीने पहले ही पूरी तरह तैयार हो गया है.
चीन की समाचार एजेंसी ज़िन्हुआ की ख़बर के अनुसार 31 अगस्त को ग्वांज़ो का एशियाई खेल गाँव औपचारिक रूप से बनकर तैयार हो गया.
एजेंसी के अनुसार इस दिन ग्वांज़ो एशियाई खेल गाँव के प्रमुख कोंग शेओचियांग को एक समारोह में खेलगाँव के प्रतीक के रूप में आयोजन समिति की ओर से एक चाभी सौंपी गई.
एशियाई खेल गाँव परिसर में खेलों के आयोजन स्थल और एथलीटों और दूसरे लोगों के रहने का प्रबंध किया गया है.
इस खेल गाँव में 8,000 से अधिक अपार्टमेंट हैं जिनमें खेलों के दौरान 30,000 से अधिक लोग रह सकते हैं.
16वें एशियाई खेल चीन के ग्वांडोंग प्रांत की राजधानी ग्वांजो में 12 से 27 नवंबर के बीच आयोजित किए जाएँगे.
इस एशियाड में 42 खेलों की प्रतियोगिताएँ होंगी जिनमें 28 ओलंपिक खेल हैं और 14 ग़ैर-ओलंपिक खेल.