पदक जीत सकते थे डोप टेस्ट में नाकाम 4 पहलवान : कोच
नई दिल्ली, 12 सितम्बर (आईएएनएस)। फ्रीस्टाइल कुश्ती कोच जगमेंदर सिंह का मानना है कि डोप टेस्ट में नाकाम रहे भारत के चार पहलवान 3 से 14 अक्टूबर तक होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीत सकते थे।
डोप टेस्ट में नाकाम पाए जाने वालों में अर्जुन पुरस्कार विजेता राजीव तोमर (120 किग्रा), सुमित (74 किग्रा), मौसम खत्री (96 किग्रा) और महिला पहलवान गुरशरणप्रीत कौर (72 किग्रा) शामिल हैं।
इन खिलाड़ियों को राष्ट्रमंडल खेलों के लिए भारत की 21 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया था लेकिन ये डोप टेस्ट में नाकाम पाए गए। इन पर प्रतिबंध लगाया गया है।
जगमेंदर मानते हैं कि चारों खिलाड़ी खेलों में पदक जीत सकते थे। अब चूंकि समय काफी कम रह गया है, ऐसे में इनके बदले शामिल किए गए खिलाड़ियों के लिए पदक जीत पाना संभव नहीं हो सकेगा। इससे भारत के खाते में कम से कम चार पदक कम आएंगे।
खत्री के स्थान पर अनिल मान को टीम में जगह दी गई है जबकि सुमित की जगह नरसिंह यादव लेंगे। इसी तरह तोमर की जगह प्रवीण को टीम में शामिल किया गया है। गुरशरणप्रीत कौर का स्थान अंशु तोमर लेंगी।
जगमेंदर ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा, "डोप टेस्ट में नाकाम हुए हमारे चारों खिलाड़ी श्रेष्ठ थे। उनके पदक जीतने के पूरे-पूरे आसार थे। अब जबकि उनके स्थान पर दूसरे खिलाड़ियों को टीम में जगह दी गई है, भारत की कम से कम चार पदक जीतने की संभावना है। चारों के बदले टीम में शामिल खिलाड़ी अगर पदक जीत लेतें हैं तो हम खुद को भाग्यशाली समझेंगे।"
जगमेंदर ने कहा कि खासतौर पर नरसिंह यादव के पदक जीतने की संभावना है क्योंकि वह काफी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। बकौल जगमेंदर, "सुशील के ओलंपिक कांस्य जीतने के बाद कुछ खिलाड़ियों ने काफी मेहनत की है। नरसिंह उन्हीं में से एक हैं। हमारे खिलाड़ी सुविधाओं का भरपूर दोहन करते हुए जोरदार मेहनत कर रहे हैं। आगे देखना है कि उनका प्रदर्शन कैसा रहता है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications